Shahjahanpur News: विद्युत उपकेंद्र पर हंगामा, पूर्व विधायक ने काम रुकवाया

निगोही में उपकेंद्र पर वार्ता करते पूर्व विधायक रोशन लाल वर्मा। स्रोत-जागरुक पाठक
शाहजहांपुर। निगोही विद्युत उपकेंद्र पर निर्माण कार्य कराने को लेकर पूर्व विधायक रोशन लाल वर्मा और बिजली निगम के कर्मी आमने-सामने आ गए। उपकेंद्र में पैनलाें को ऊंचा कराने के लिए फाउंडेशन बनाए जाने पर शनिवार शाम करीब चार बजे हंगामा हो गया। पूर्व विधायक ने जमीन उपकेंद्र की नहीं होने का दावा कर काम रुकवा दिया। अधिकारियों के निर्देश पर तहसील की टीम ने मौके पर जाकर जांच की है।
विद्युत उपकेंद्र काफी निचले इलाके में होने के चलते हर साल बारिश होने पर तालाब बन जाता है। पैनल से लेकर अन्य उपकरण तक पानी में डूबने से क्षेत्र की बिजली की आपूर्ति बाधित हो जाती है। पैनल को ऊंचे स्थान पर रखने के लिए बुनियाद की खोदाई की गई थी। शनिवार को काम कराया जा रहा था तभी पूर्व विधायक रोशन लाल वर्मा मौके पर पहुंच गए। उन्होंने जमीन बिजली निगम की होने के बजाय कस्बे के कुछ लोगों की होने की बात कहते हुए विरोध शुरू कर दिया। उनका कहना था कि मामले में कोर्ट में वाद लंबित है। यथास्थिति रहनी चाहिए। मामले की सूचना जिला प्रशासन को दी गई। इसके बाद तहसीलदार जयप्रकाश यादव और नायब तहसीलदार जगत मोहन जोशी के साथ राजस्व निरीक्षक और लेखपाल के साथ पहुंचे और जमीन की नपाई की है। तहसीलदार जयप्रकाश यादव ने बताया कि जमीन की नाप कराने के बाद रिपोर्ट प्रशासन को भेजी जाएगी।
-जमीन के मालिक नीशू जायसवाल समेत 25 लोग हैं। यह मामला कोर्ट में विचाराधीन है। इसके विस्तारीकरण पर भी रोक लगी हुई है।
मनोज वर्मा, अध्यक्ष नगर पंचायत
-50 साल से जमीन बिजली निगम के पास में है। उपकेंद्र पर कार्य कराया जा रहा, जिससे बारिश में समस्या का सामना नहीं करना पड़े।
रंजीत कुमार, एक्सईएन ग्रामीण
करंट से गोवंश की मौत
कलान। नगर में थाना मोड़ के पास ट्रांसफार्मर से गोवंश के करंट लग गया। इससे उसकी मौके पर मौत हो गई। नगर पंचायत कर्मचारियों ने मृत गोवंश को दफन करा दिया है। संवाद