Shahjahanpur News: डूबने से हुई थी विजय की मौत, पुलिस पर लापरवाही का आरोप
भावलखेड़ा। तिलहर क्षेत्र के गांव बंथरा निवासी विजय सक्सेना की नदी में डूबने से ही मौत हुई थी। इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुई है। थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र के गांव रौसर के पास खन्नौत नदी से थाना तिलहर क्षेत्र के गांव बंथरा निवासी विजय सक्सेना का शव शुक्रवार को बरामद हुआ था। अभी पीड़ित पक्ष ने इस बाबत थाने में तहरीर नहीं दी है। पिता ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
थाना तिलहर क्षेत्र के गांव बंथरा निवासी विजय सक्सेना (22) का शव 26 मई को थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र के गांव रौसर के पास खन्नौत नदी से बरामद हुआ था। परिजनों ने कपड़ों से उसकी शिनाख्त की थीं। पिता लक्ष्मण के मुताबिक, 20 मई को विजय दिल्ली जाने के लिए घर से निकला था। सबसे पहले वह गांव रौसर में अपने मामा राममूर्ति के घर गया। यहां एक घंटा रुकने के बाद चला गया।
जब देर रात उसका फोन स्विच ऑफ बताने लगा तो परिवार वालों को चिंता हुई। उन्होंने उसकी कई स्थानों पर तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। शुक्रवार को उसका शव मिला। इंस्पेक्टर अरविंद सिंह चौहान ने बताया कि मामले में अभी कोई तहरीर नहीं आई। कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
दो थानों के बीच उलझा रहा पीड़ित परिवार
विजय के पिता लक्ष्मण ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया। कहा, 23 मई को विजय का बैग बरेली मोड़ चौराहे पर सुलभ शौचालय के पास से बरामद हुआ था। वह बैग लेकर पुलिस चौकी अजीजगंज गए। आरोप है कि पुलिस ने उन्हें थाना तिलहर जाने की बात कहकर टरका दिया। तिलहर गए तो चौक कोतवाली भेज दिया गया। यदि पुलिस गुमशुदगी दर्ज करके चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगालती तो उनके पुत्र की जान बच सकती थी।