Shahjahanpur News: खुला बाजार बिक्री योजना से गेहूं के भाव में आई गिरावट
शाहजहांपुर। थोक और खुदरा बाजार में गेहूं और उससे बनने वाले खाद्य पदार्थों के भाव में हो रही वृद्धि को देखते हुए सरकार ने खुला बाजार बिक्री योजना शुरू की है। योजना से बाजार के भाव में गिरावट देखने को मिल रही है।
थोक और खुदरा बाजार में खाद्यान्न मुख्य रूप से गेहूं और उससे बनने वाले खाद्य पदार्थ जैसे आटा, मैदा, सूजी के बाजार भाव में अप्रत्याशित वृद्धि को नियंत्रित करने के लिए भारत सरकार द्वारा जनहित में भारतीय खाद्य निगम के माध्यम से खुला बाजार बिक्री योजना शुरू की है। इसमें गेहूं के स्टॉक को पूर्व-निर्धारित दरों पर एम-जंक्शन पर 23 जून से ई-नीलामी के माध्यम से बिक्री के लिए पात्र बीडर को प्रत्येक सप्ताह शुक्रवार को निविदा आमंत्रित की जा रही है।
इसके अगले बुधवार को नीलामी की जाती है। इस साप्ताहिक नीलामी में कोई भी आटा चक्की व मिल का संचालक हिस्सा ले सकता है जो एम-जंक्शन पोर्टल पर पंजीकृत है। प्रत्येक बिडर न्यूनतम 100 क्विंटल से अधिकतम 1000 क्विंटल मात्रा खरीद कर सकता है। ई-नीलामी में गेहूं का आरक्षित मूल्य 2125 से 2150 रुपये प्रति क्विंटल तक निर्धारित है। उच्चतम बोली लगाने वाले बिडर को निविदा प्रदान कर दी जाती है। पिछले सप्ताहों में देखा गया है कि अधिकतम मात्रा की नीलामी आरक्षित मूल्य पर ही होती है।
खुला बाजार योजना का मुख्य उद्देश्य बाजार में बढ़ रहे भावों का नियंत्रित करना है। यह योजना सरकार की तरफ से शुरू की गई है। इससे गेहूं के बाजार दर में गिरावट देखी गई है।
– अरुण यादव, एफसीआई गोदाम प्रभारी अटसलिया

