Shahjahanpur News: हृदय गति रुकने से हुई मौत, पर धोती से पैर किसने बांधे
शाहजहांपुर। सिंधौली थाना क्षेत्र के गांव बरौरा निवासी जगन्नाथ की मौत हृदयगति रुकने से हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसकी पुष्टि हुई है, लेकिन गले में गमछा कसा होने व धोती से पैर बंधे मिलने से मामला उलझ गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शनिवार को बकरियां चराने गए जगन्नाथ देर तक नहीं आने पर परिजन ने उनकी तलाश शुरू की थी। रात करीब एक बजे गन्ने के खेत में उनका शव पड़ा मिला था। गले में गमछा कसा मिलने व पैर धोती से बंधे मिलने के बाद मृतक के पुत्र ने हत्या करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उनकी मौत हृदयगति रुकने से हुई है।
जगन्नाथ बीमार भी बताए गए हैं। उनके शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। गले में गमछा कसने का कोई निशान भी नहीं था। सिर्फ एक चोट का निशान मिला है, जो काफी पुराना है। सवाल यह है कि जगन्नाथ की स्वभाविक मौत हुई, पर उनके पैर किसने बांधे थे। इसके चलते मामला उलझ गया है। एसपी देहात संजीव वाजपेयी ने बताया कि मामले में परिजन ने कोई तहरीर नहीं दी है।