Shahjahanpur News: पत्नी ने अपने मित्र के साथ मिलकर की थी शानू की हत्या
शाहजहांपुर। निगोही थाना क्षेत्र के गांव खेड़ासंडा निवासी शानू मौर्या (27) की तालाब में डूबने से मौत नहीं हुई थी। उसकी पत्नी पूनम ने अपने मित्र के साथ मिलकर हत्या की थी। पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया है।
22 अगस्त की रात करीब 12 बजे शानू मौर्या घर से चला गया था। बृहस्पतिवार की सुबह उसका शव गांव के पास तालाब में पड़ा मिला था। मामले में मृतक के भाई ने अपनी भाभी और उसके मित्र पर हत्या कर शव को तालाब में डालने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। पुलिस ने मामले की जांच की तो सारी परतें खुल गईं।
पुलिस ने मृतक की पत्नी पूनम व उसके मित्र के खिलाफ हत्या की धाराओं में केस दर्ज कर लिया। पुलिस के अनुसार शानू शराब पीने का आदी था। बेटे के जन्मदिन पर भी शराब पी थी और शराब के लिए रुपयों की मांग कर रहा था। सीओ सदर अमित चौरसिया ने बताया कि दंपती में विवाद होने के बाद पूनम ने अपने मित्र को बुला लिया और पति की हत्या कर दी। दोनों को हिरासत में ले लिया गया है। संवाद