शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: व्यापारी के बेटे की हत्या का मामला सीएम तक लेकर जाएंगे, इंसाफ दिलाएंगे

Connect News 24

स्वाभिमान रैली लेकर आए व्यापार मंडल मिश्रा गुट के प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा ने जताई नाराजगी

संवाद न्यूज एजेंसी

शाहजहांपुर। व्यापारी स्वाभिमान रैली को लेकर आए उद्योग व्यापार मंडल मिश्रा गुट के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मीरानपुर कटरा में व्यापारी सुधीर गुप्ता के बेटे असिस्टेंट प्रोफेसर आलोक गुप्ता की हत्या के मामले में इंसाफ दिलाया जाएगा। व्यापारी के परिवार को सुरक्षा दिलाने व मुआवजा दिलाने के लिए मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिलों के भ्रमण के दौरान व्यापारियों की समस्याओं को नोट कर उच्च अधिकारियों से समाधान कराएंगे।

लोदीपुर स्थित जिलाध्यक्ष कुलदीप सिंह दुआ के शोरूम में पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा ने बताया कि दूसरे चरण में व्यापारी स्वाभिमान यात्रा को फिर से शुरू किया गया है। वह 7500 किलोमीटर की यात्रा कर गांव-कस्बे और जिले के व्यापारियों से मिलकर उनकी समस्याओं को सुनेंगे और समाधान कराएंगे।

उन्होंने कहा कि मंडी शुल्क को खत्म करने, खाद्य सुरक्षा के लाइसेंस को आजीवन करने समेत कई समस्याएं व्यापारियों के सामने आती हैं। इसके लिए व्यापार मंडल लड़ाई लड़ रहा है।

व्यापारी स्वाभिमान रैली का जिले में जोरदार स्वागत

शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के 50 वर्ष पूर्ण होने पर व्यापारी स्वाभिमान रैली का जिले में जोरदार स्वागत किया गया। व्यापारियों ने यात्रा पर पुष्प वर्षा की। लोदीपुर स्थित प्रतिष्ठान पर प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा ने केक काटा। इसके बाद गोविंदगंज से स्वाभिमान यात्रा ने आगे की ओर कूच किया। सदर बाजार, बहादुरगंज, मशीनरी मार्केट, घंटाघर, मालखाना मोड़, कोतवाली होते हुए बंगला सरोदी में मैरिज लॉन में समाप्त हुई। रैली में सबसे आगे बाइकों का काफिला था। उसके पीछे बड़ी संख्या में व्यापारी चल रहे थे। इस मौके पर जिला महामंत्री नाजिम खान, नगर अध्यक्ष संजीव राठौर, महामंत्री अतुल गुप्ता, कोषाध्यक्ष सुरेंद्र सेठी, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष धर्मपाल रैना, सुनील गुप्ता के अतिरिक्त प्रदेश संयुक्त महामंत्री ईश्वर दयाल कंसल, शामली से सुनील पांडे, प्रदेश प्रभारी सुनील यादव आदि मौजूद रहे। संवाद


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button