Shahjahanpur News: दीवार के नीचे दबकर महिला की मौत, टेडवा में चार घर ढहे

मृतका राम बेटी का फाइल फोटो
बेहजम खीरी। बारिश में झरवा गांव में कच्ची दीवार ढहने से मलबे में दबकर वृद्धा की मौत हो गई। ग्राम पंचायत टेड़वा में चार ग्रामीणों के घर ढह गए। गनीमत रही कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। सूचना पर तहसील अधिकारियों और कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की।
बेहजम के गांव झरवा निवासी 65 वर्षीय रामबेटी पत्नी रामदुलारे मंगलवार की सुबह दीवार पर रखे छप्पर के नीचे बैठी थीं। इसी समय कच्ची ईंट से बनी दीवार भरभरा कर गिर गई। रामबेटी दीवार के मलबे में दब गईं। परिजन और पास-पड़ोसी जब तक उन्हें मलबे से बाहर निकालते। रामबेटी की मौत हो चुकी थी। हादसे की सूचना पर थानाध्यक्ष नीमगांव अजीत कुमार व बेहजम चौकी प्रभारी राजकुमार भारती मौके पर पहुंचे। मृतका का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। एसडीएम मितौली विनीत कुमार उपाध्याय ने बताया कि लेखपाल को मौके पर भेजा गया था। कच्ची दीवार गिरने से महिला की मौत हुई है। जांच कर जो सहायता मिलने योग्य होगी वह दिलाई जाएगी।
घर गिरने से ग्रामीणों को नुकसान
बेहजम की ग्राम पंचायत टेडवा में बारिश की वजह से चार ग्रामीणों के घर गिर गए। गांव के बृजेश गौतम, राधेश्याम कनौजिया, गंगाराम का मकान ढ़ह गया। वहीं रामलखन और राजेश कुमार के कमरे की छत ढ़ह गई। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। प्रधान प्रतिनिधि ने बताया कि सूचना पर जांच करने तहसील से टीम आई थी।

मृतका राम बेटी का फाइल फोटो