Shahjahanpur News: पोषाहार बनाकर पैक करेंगीं स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं

म्याऊं में पोषाहार चैक करते अधिकारी। संवाद
बदायूं। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए उन्हें स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से रोजगार के अवसर दिए जा रहे हैं। इसी के तहत म्याऊं समेत तीन ब्लॉकों में महिलाओं को पोषाहार (दलिया) बनाकर पैक करने का काम दिया गया है, जबकि आसफपुर, अंबियापुर और उझानी में इस इकाई को शुरू करने का काम चल रहा है। इसके बाद अधिकांश ब्लॉकों में इन इकाइयों से ही दलिया पहुंचेगा।
जिले में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के स्वयं सहायता समूहों के तहत काम करने वाली महिलाओं को बढ़ावा देने व रोजगार की तरफ उन्मुख करने के उद्देश्य से शासन लगातार काम कर रहा है। ऐसे में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को आंगनबाड़ी केंद्रों पर बंटने वाले दलिया बनाने का काम दिया गया है। इसके तहत एफसीआई की तरफ से हर माह गेहूं इन केंद्रों पर पहुंचाया जाएगा। वहां पर समूह की महिलाएं मशीनों के माध्यम से गेहूं से दलिया बनाएंगी, साथ ही निर्धारित मात्रा में पैक करके केंद्रों पर पहुंचवाएंगी। इन इकाइयों पर काम करने वाली समूह की महिलाओं को मनरेगा के तहत दी जाने वाली मजदूरी के बराबर धनराशि दी जाएगी। अभी म्याऊं, सिलहरी और रोहणी में काम चल रहा है। एक से दो दिन में उझानी में भी काम शुरू हो जाएगा। अंबियापुर और आसफपुर में 15 अक्तूबर तक इकाई काम करना शुरू कर देंगी।
एक इकाई करेंगी दो ब्लॉक के केंद्रों पर सप्लाई : एनआरएलएम के माध्यम से पोषाहार बनाकर पैक करने के बाद एक इकाई से दो ब्लॉकों के केंद्रों पर इसकी सप्लाई की जाएगी। हालांकि अभी नैफेड (नेशनल एग्रीकल्चरलकोऑपरेटिव मार्केटिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड) की ओर से अधिकांश केंद्रों पर पोषाहार पहुंचाया जा रहा है। सभी ब्लॉकों में काम शुरू होने के बाद यहां से इसका वितरण कराया जाएगा।

म्याऊं में पोषाहार चैक करते अधिकारी। संवाद