Shahjahanpur News: सड़कों के गड्ढाें को भरने का काम शुरू

हॉकी मैदान के सामने सड़क के गड्ढों को भरे जाने के कार्य का निरीक्षण करते नगर आयुक्त संतोष कुमार
– रविवार रात को हॉकी मैदान के सामने वाली सड़क के गड्ढों को भरा गया
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। शहर की सड़कों के गड्ढों को भरवाने का कार्य नगर निगम शुरू कराया है। रात के समय विशेष अभियान चलाकर गड्ढे भरने का काम किया जा रहा है। नगर आयुक्त ने रविवार रात को निरीक्षण भी किया।
सीवर लाइन डालने के लिए शहर की प्रमुख सड़कों और गलियों को खोदकर छोड़ दिया गया। इसकी वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़कों की मरम्मत के लिए लगातार मांग हो रही है। इसका अब संज्ञान लिया गया है। इसके तहत रात को सड़कों के गड्ढों को भरवाने का काम किया जा रहा है।
नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा ने हॉकी मैदान के सामने क्षतिग्रस्त एवं जल निगम की ओर से सीवर लाइन के लिए खोदी गई सड़क के गड्ढों को भरे जाने के कार्य का निरीक्षण किया। इस बीच उन्होंने गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य कराए जाने के निर्देश दिए।
इसके अलावा उन्होंने सफाई कार्य का भी जायजा लिया। अपनी मौजूदगी में सफाई कार्य को कराया। इस मौके पर सफाई एवं खाद्य निरीक्षक हरवंश दीक्षित आदि मौजूद रहे।