Shahjahanpur News: एचटी लाइन से छत में उतरे करंट की चपेट में आया युवक, मौत

पंकज श्रीवास्तव का फाइल फोटो।
-छत के ऊपर से गुजरी एलटी लाइन की चपेट में आ गया युवक
-पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। हाई वोल्टेज से पंखे फुंकने के कारण गर्मी से बचने के लिए छत पर सोने गए मीरानपुर कटरा थाना क्षेत्र के रायपुर गांव निवासी महेंद्र पाल श्रीवास्तव के बेटे पंकज श्रीवास्तव (27) की एलटी लाइन से छत में आया करंट लगने के कारण मौत हो गई। परिजनों ने बिजली निगम पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
रायपुर गांव में शुक्रवार को टू-फेसिंग होने के कारण हाई वोल्टेज होने पर पंकज श्रीवास्तव के घर के पंखे फुंक गए थे। गर्मी अधिक होने के कारण वह अपने घर की छत पर चले गए। छत के ऊपर से बंच लाइन के साथ एलटी लाइन भी निकली है। बूंदाबांदी के चलते छत पर नमी होने की एचडी लाइन से करंट आ गया। ऐसे में करंट लगने से पंकज की मौत हो गई।
शाेर-शराबा होने पर परिजन भी दौड़कर छत पर पहुंचे। किसी तरह पंकज को बचाया गया। उन्हें गंभीर हालत में राजकीय मेडिकल कॉलेज लेकर आते समय रास्ते में मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पंकज अपने पीछे पत्नी मोहिनी, तीन साल का पुत्र तनिष्क व दो साल के ताशु को छोड़ गया है। मोहिनी छह महीने की गर्भवती है।
–
विद्युत निगम पर लापरवाही का आरोप
पंकज श्रीवास्तव की करंट लगने से मौत पर उनके पिता महेंद्र पाल श्रीवास्तव ने बिजली निगम पर लापरवाही करने का आरोप लगाया है। महेंद्र ने बताया कि छत से गुजरी लाइनों को हटाने के लिए कई बार पत्राचार किया। निगम के अधिकारियों ने कार्रवाई नहीं की।
–
पीड़ित ने यदि प्रार्थना पत्र दिया है तो जांच कराई जाएगी। टेक्निकल टीम को मौके पर भेजकर रिपोर्ट तलब करेंगे।
-वीरेंद्र कुमार, अधिशासी अभियंता तिलहर

