Shahjahanpur News: बंटवारे के विवाद में युवक ने दे दी जान
अल्हागंज। गांव इस्लामगंज निवासी राजेश कुमार (30) ने घरेलू कलह में जामुन के पेड़ पर फंदे से लटककर जान दे दी। वह बैंक के एटीएम में सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत था।
राजेश का बंटवारे को लेकर भाइयों से विवाद चल रहा था। बंटवारे को लेकर पत्नी आरती उस पर दबाव बना रही थी। इससे वह परेशान रहता था। सोमवार रात नौ बजे बैंक से निकलने के बाद वह घर नहीं लौटा। उसकी तलाश की गई पर पता नहीं चला। सुबह करीब छह बजे गेस्ट हाउस के पास उसका शव लटका मिला। थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि मृतक की जेब में मिले पत्र में घरेलू कलह व बंटवारे का जिक्र है।
जेब में मिला प्रार्थना पत्र
बंटवारे के विवाद को लेकर उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रार्थना पत्र लिखा था। पुलिस के तलाशी लेने पर उसकी जेब से प्रार्थना पत्र भी मिला है। राजेश के परिवार में पत्नी आरती, बेटा शिवा व कृष्णा व बेटी पलक हैं।
आर्थिक तंगी से भी जूझ रहा था
राजेश आर्थिक तंगी से भी जूझ रहा था। बैंक के एटीएम से एक हजार रुपये महीना मिलता था। एक अन्य जगह पर सफाई कार्य के चलते मात्र तीन हजार रुपये मिलने की वजह से उसका घर खर्च भी नहीं चल पा रहा था।