Shahjahanpur News: दावत में जा रहे युवक की हादसे में मौत, पत्नी जख्मी

मृतक राहुल शर्मा का फाइल फोटो
शाहजहांपुर। नामकरण संस्कार की दावत में शामिल होने जा रहे जलालाबाद थाना क्षेत्र के गांव रघुनाथपुर खंडहर निवासी राहुल शर्मा (23) की बाइक में लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौत हो गई। उसकी पत्नी पिंकी शर्मा घायल हो गई।
खेतीबाड़ी करने वाले राहुल शर्मा मंगलवार शाम को पत्नी के साथ लखीमपुर खीरी के थाना उचौलिया के ऊंचीखेड़ा गांव स्थित ससुराल में नामकरण संस्कार की दावत में शामिल होने जा रहे थे। रास्ते में उचौलिया तिराहे के पास ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पुलिस ने दोनों को राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा। जहां राहुल की मौत हो गई। पिंकी के पैर में फ्रैक्चर होने के साथ गंभीर चोटें आईं हैं। राहुल तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। उसकी मौत से भाई ब्रजेश व मोहित का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
चार महीने पहले हुई थी शादी
नरेश शर्मा के पुत्र राहुल शर्मा की 12 मई 2023 को शादी हुई थी। मंगलवार को उनकी शादी के चार माह पूरे हुए थे। राहुल की मौत से पिंकी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। उसके सारे सपने बिखर गए हैं। उसकी आंखाें से आंसू नहीं थम रहे हैं।