हापुड़ की घटना पर आक्रोश: शाहजहांपुर में वकीलों ने फूंका यूपी सरकार का पुतला, बदायूं में भी विरोध प्रदर्शन

शाहजहांपुर में विरोध प्रदर्शन करते अधिवक्ता
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
हापुड़ में वकीलों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में आक्रोश थम नहीं रहा है। शाहजहांपुर में सेंट्रल बार एसोसिएशन ने बृहस्पतिवार को लाठीचार्ज के विरोध में धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान कचहरी के बाहर प्रदेश सरकार का पुतला फूंका। सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहे।
अधिवक्ताओं की मांग है कि हापुड़ में अधिवक्ताओं पर लाठीचार्ज कराने वाले डीएम, एसपी और सीओ का तत्काल स्थानांतरण किया जाए। प्रदेशभर में अधिवक्ताओं पर दर्ज झूठे मुकदमे वापस लिए जाएं। साथ ही एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट पारित किया जाए। हापुड़ की घटना में घायल अधिवक्ताओें को तुरंत मुआवजा दिया जाए। ज्ञापन देने वालों में सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ब्रजेश कुमार वैश्य, महासचिव सुधीर कुमार पांडेय, हरेंद्र कुमार राजवंशी, मुकेश यादव, राहुल शर्मा, सूरज प्रताप सिंह, अभिषेक मिश्रा, गजेंद्र बहादुर श्रीवास्तव अदि मौजूद रहे।