Pilibhit News: बीसलपुर मार्ग पर निर्माणाधीन पुलिया से टकराकर बाइक सवार की मौत

प्रकाशित खबर ।
पीलीभीत। बीसलपुर मार्ग के चौड़ीकरण के काम में कार्यदायी संस्था की लापरवाही ने एक युवक की जान ले ली। बीसलपुर की तरफ जा रहा बाइक सवार रात में निर्माणाधीन पुलिया से टकरा गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
इस मार्ग पर निर्माणाधीन पुलियों के पास संकेतक न लगे होने और सड़क पर ही मलबा पड़े होने से आए दिन लोग हादसे का शिकार हो रहे है, लेकिन कार्यदायी संस्था व जिम्मेदार खामोश हैं। अमर उजाला ने दो दिन पहले ही खबर प्रकाशित कर इस बारे में चेताया था। मगर अफसरों ने सुध नहीं ली और एक युवक की जान चली गई।
शहर के नौगवां पकड़िया के रहने वाले बृजमोहन (36) मंगलवार रात घर से बीसलपुर की तरफ जा रहे थे। रूपपुर कृपा के निकट पहुंचते ही पेट्रोल पंप के पास निर्माणाधीन पुलिया से उसकी बाइक टकरा गई। वह पुलिया में नीचे जा गिरे। इससे उनकी मौके पर मौत हो गई। बृजमोहन का शव पूरी रात पुलिया में ही पड़ा रहा। सुबह जब ग्रामीण खेतों की तरफ निकले तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने छानबीन कर बृजमोहन के परिजनों को हादसे की सूचना दी। परिजनों के पहुंचने पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना के लिए परिवार के लोग पुलिया का निर्माण करा रही कार्यदायी संस्था को दोषी ठहरा रहे हैं। निर्माणाधीन पुलिया पर रात में हादसे न हों, इसके लिए कोई इंतजाम नहीं किया गया है।