Budaun News: दोनों कॉलेजों के प्रबंधन ने जेडी के सामने रखा अपना पक्ष
फर्जी टीसी बनाने का मामला, अभिभावक भी पहुंचे
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। फर्जी टीसी बनाने के मामले में बुधवार को तीनों पक्ष बरेली जेडी कार्यालय पर पहुंचे और अपना-अपना पक्ष रखा। इस मामले में प्रधानाचार्य ने पुलिस को तहरीर भी दी है।
राजाराम महिला इंटर कॉलेज में कक्षा छह मे पढ़ रही छात्रा परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद में कक्षा सात में आ गई थी। इस बीच उनके अभिभावक अब्दुल्लागंज के सालिकराम इंटर कॉलेज की कक्षा आठ उत्तीर्ण की टीसी लेकर राजाराम महिला इंटर कॉलेज में दाखिला लेने पहुंच गए। उसके आधार पर बालिका का दाखिला भी हो गया।
बाद में किसी तरह स्टाफ को जानकारी हुई तो उसका दाखिला निरस्त कर दिया गया। इस मामले में डीआईओएस ने अब्दुल्लागंज के सालिकराम इंटर कॉलेज का निरीक्षण कर रिकॉर्ड अपने कब्जे में ले लिया। इस मामले की जानकारी जब जेडी राकेश कुमार को हुई, तो उन्होंने सालिकराम इंटर कॉलेज अब्दुल्लागंज के प्रधानाचार्य राजेश शर्मा, राजाराम महिला इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य अनीता सिंह और संबंधित बच्चे और अभिभावक को तलब किया।
इसके बाद बुधवार को तीनों पक्षों ने बरेली जेडी के पास पहुंचकर अपना-अपना पक्ष रखा। इसके साथ ही राजाराम महिला इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य ने डीआईओएस के निर्देश पर फर्जी टीसी के मामले में कोतवाली में तहरीर भी दी। डीआईओएस ने बताया कि जब मामले की जानकारी मिली तो जांच करने कॉलेज गए थे। वहां पर अभिलेखों को देखा। कुछ गड़बड़ी पकड़ में आई है। उसके बारे में उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया है।