Shahjahanpur News: चोरी की तीन बाइकों सहित युवक गिरफ्तार

पुवायां में चोरी की बाइकों के साथ पकड़ा गया सुखपाल सिंह
पुवायां। पुलिस ने चोरी की तीन बाइकों केे साथ गांव महमूदपुर सैंजनिया के सुखपाल को गिरफ्तार किया है। उसे कोर्ट से जेल भेज दिया गया है।
इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार राय ने बताया कि 16 जुलाई की रात गश्त के दौरान गांव जसवंतापुर की ओर से बाइक से आ रहे सुखपाल सिंह को रोकने का प्रयास किया गया तो वह बाइक मोड़कर भागने लगा। सुखपाल को पकड़कर थाने लाया गया। उससे बाइक के कागजात मांगे गए तो सुखपाल कोई कागजात नहीं दिखा सका। पूछताछ में उसने बताया कि बाइक चोरी की है।
सुखपाल ने बताया कि किसान आंदोलन के दौरान जनपद मुजफ्फरनगर के थाना शाहपुर के गांव कुटवा का संजीत कुमार उसे दिल्ली-गाजीपुर बॉर्डर पर मिला था। संजीत ने उसे बताया था कि वह बाइक चोरी करता है। सुखपाल चोरी की बाइकें बेचने में सहयोग करे तो अच्छी राशि कमा सकता है। संजीत उसे चोरी की तीन बाइकें बिक्री के लिए दे गया था।
सुखपाल की निशानदेही पर पुलिस ने दो और बाइकें भी बरामद कर ली है। सुखपाल पर रिपोर्ट दर्ज कर चालान कर दिया गया। कोर्ट से उसे जेल भेज दिया गया है। संजीत की तलाश की जा रही है।