Shahjahanpur News: शादी का झांसा देकर ठगे रुपये, आहत युवक ने खा लिया जहर
तिलहर। शादी का झांसा देकर रुपये ठगने से आहत युवक ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या की कोशिश की। गंभीर अवस्था में उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इलाज के बाद बृहस्पतिवार को युवक अपने गांव वापस पहुंचा है।
गांव बिरसिंहपुर निवासी नत्थू के 27 वर्षीय बेटे राजू ने मंगलवार को घर पर जहरीला पदार्थ खा लिया था। ठीक होने के बाद राजू ने बताया कि उसने अपनी शादी के लिए थाना मदनापुर क्षेत्र के एक गांव के युवक से बात की थी। उसने शादी के लिए दो लाख रुपये खर्च होने की बात कही थी। बाद में एक लाख 70 हजार रुपये में बातचीत तय हुई। बयाने के तौर पर 70 हजार रुपये उसने युवक को दे दिए। कुछ दिन पहले आरोपी युवक राजू को लेकर गोरखपुर गया। गोरखपुर से लगभग 30 किलोमीटर आगे एक स्थान पर उसे कुछ महिलाएं मिलीं। उन्होंने एक युवती को उसके साथ भेज दिया।
राजू के मुताबिक, युवक ने उससे कहा कि शादी की रस्म वह तिलहर पहुंचकर पूरी करा देगा। युवक ने उससे एक लाख रुपये ले लिए। दोनों लोग युवती के साथ टेंपो से गोरखपुर की ओर आ रहे थे। तभी रास्ते में बाइकों से आए कुछ लोगों ने टेंपो रोक लिया और युवती को अपने साथ लेकर चले गए। राजू ने बताया कि घर लौटने पर उसने आरोपी युवक के खिलाफ मदनापुर थाने में तहरीर दी, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। इसी से आहत होकर उसने जहर खा लिया। राजू ने प्रशासनिक अधिकारियों से न्याय दिलाने की गुहार की है।