Shahjahanpur News: नेपाल से चरस लेकर चंडीगढ़ जा रहा युवक गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Thu, 07 Dec 2023 12:43 AM IST

खुटार में चरस के साथ पकड़ा गया नेपाली नागरिक लालबहादुर। संवाद
खुटार। नेपाल से चरस लेकर चंडीगढ़ जा रहे युवक को पुलिस और एसओजी ने मंगलवार रात गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 9.637 किलो चरस बरामद हुई है। पुलिस के मुताबिक चरस की कीमत करीब एक करोड़ 93 लाख रुपये है।
मुखबिर की सूचना पर खुटार पुलिस और एसओजी ने खुटार-मैलानी मार्ग पर बाबा चौराहा के पास घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। युवक के पास से 9.637 किलो चरस, एक मोबाइल, तीन हजार भारतीय और 2735 नेपाली रुपये बरामद हुए। आरोपी के पास से नेपाली पहचान पत्र भी मिला है। पहचान पत्र के आधार पर उसकी पहचान नेपाल के जनपद बाग्लूंग के थाना निसी के गांव निसी निवासी लालबहादुर घर्ती के रूप में हुई।
पूछताछ में उसने बताया कि नेपाल से चरस खरीदकर वह पंजाब के विभिन्न शहरों और चंडीगढ़ में बेचता है। वह सवारी वाहन से बाबा चौराहे तक आया जहां से पंजाब जाने के लिए बस का इंतजार कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कोर्ट में पेश किया। कोर्ट से आरोपी को जेल भेज दिया गया।