Shahjahanpur News: जलभराव की समस्या को लेकर युवाओं ने ब्लॉक का गेट बंद कर किया प्रदर्शन

प्रभारी तहसीलदार जगत मोहन जोशी प्रदर्शनकारी युवाओं से वार्ता करते हुए
तिलहर। तालाब के ओवरफ्लो होने से जलभराव की समस्या को लेकर युवराज सिंह के नेतृत्व में कई युवा ब्लॉक परिसर पहुंचे और कार्यालय के मुख्य गेट के सामने नारेबाजी शुरू कर दी। लगभग ढाई घंटे तक धरना-प्रदर्शन के बाद जब कोई अधिकारी नहीं आया तो आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने ब्लॉक के मुख्य गेट का चैनल बंद करके कर्मचारियों का आवागमन बंद कर दिया।
कार्यालय को बंद कर दिए जाने की सूचना पर प्रभारी तहसीलदार जगत मोहन जोशी ब्लॉक परिसर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शन कर रहे युवाओं से वार्ता करते हुए इंजन पंपिंग सेट लगाकर पानी निकलवाने की बात कही। इस पर युवा नाराज हो गए। उन्होंने कहा कि समस्या का स्थायी निदान चाहिए।
खंड विकास अधिकारी के बरेली में होने के कारण तहसीलदार ने एडीओ पंचायत संतोष बाबू को बुलाकर तत्काल तालाब के पानी की जल निकासी की पुख्ता व्यवस्था करने को कहा। तहसीलदार ने युवाओं से कहा कि शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान ब्लॉक और नगरपालिका अधिकारियों के बीच वार्ता करते समस्या का स्थायी निदान कराया जाएगा। इस दौरान धरने पर बैठीं महिलाओं ने भी तहसीलदार से तत्काल समस्या का निदान कराने की मांग की। तहसीलदार के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारी शांत हो गए। शनिवार की सुबह समस्या के निदान को लेकर सभी साथियों से पहुंचने की अपील की।
वहीं, आंबेडकर गांव मौजमपुर जन कल्याण समिति की महासचिव ईश्वरी देवी ग्रामीणों और महिलाओं के साथ 16 अगस्त से खंड विकास परिसर में धरना-प्रदर्शन कर रहीं हैं। प्रदर्शन करने वालों में रामगोपाल गुर्जर, श्याम गुप्ता, आर्यवीर, अंश, कैफ, रविंद्र सिंह, देवराज, अयान खान, प्रिंस रस्तोगी, शरद गंगवार, समर्थ आदि शामिल रहे।