Shahjahanpur News: पेड़ से लटका मिला युवक का शव, हत्या का आरोप

मृतक विजयवीर सिंह का फाइल फोटो
कांट। गांव लाड़पुर यारपुर निवासी विजयवीर सिंह (26) का शव मंगलवार को गांव से कुछ दूरी पर पेड़ से लटका मिला। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है।
विजयवीर सिंह की शादी करीब आठ साल पहले आरती से हुई थी। कलह के चलते तीन साल पहले आरती उसे छोड़कर मायके चली गई थी। घर पर वह मां और अन्य भाइयों के साथ रहता था। सोमवार रात विजयवीर फसल की रखवाली करने की बात कहकर घर से निकला था।
मंगलवार सुबह जब ग्रामीण खेतों की तरफ गए तो गांव से कुछ दूरी पर तालाब किनारे पाकड़ के पेड़ पर गमछे से उसका शव लटका मिला। सूचना पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंच गई। परिजन ने हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि पिछले साल परिवार के कुछ लोगों से विवाद हो गया था। जिसका न्यायालय में मुकदमा भी चल रहा है।
सोमवार को मुकदमे की तारीख थी। विजय वीर तारीख पर कचहरी गया था। जहां से लौटने के बाद कुछ देर घर में रुका और फिर खेत पर चला गया। परिजनों ने हत्या की आशंका व्यक्त की है।
पल्हरई गांव में युवक ने
फंदा लगाकर दी जान
जलालाबाद। गांव पल्हरई निवासी नजाकत (45) ने फंदे से लटककर जान दे दी। पुलिस के अनुसार, नजाकत नशे का आदी था।
आशिक अली और उनके दो बेटे दिल्ली में रहकर मजदूरी करते हैं। तीन बेटियों की शादी हो चुकी है। गांव में उनका मंझला बेटा मुबारक अली और सबसे छोटा नजाकत अली रहते थे। नजाकत अविवाहित था। सोमवार रात वह किसी समय घर से निकल गया। मंगलवार सुबह गांव के लोग खेतों की ओर गए तो तालाब किनारे बबूल के पेड़ पर गमछे के फंदे से नजाकत का शव लटका देखा। मौके पर पहुंचे परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
मृतक के भाई मुबारक ने बताया कि 10-12 साल से उसकी मानसिक हालत ठीक नहीं थी। वह कोई काम नहीं करता था और गांव में घूमता रहता था। इंस्पेक्टर प्रवीण सोलंकी ने बताया कि जांच में नजाकत के नशे का आदी होने की बात सामने आई है। संवाद