चरित्र पर शक: दस साल पहले अपनों को ठुकराकर पूजा ने कृष्णपाल से की थी लव मैरिज, अब पति ने ली जान, तू बेवफा…

बरेली में शख्स ने की पत्नी की हत्या
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बरेली के फतेहगंज पश्चिमी कस्बे में शनिवार दोपहर सनसनीखेज वारदात हो गई। कृष्णपाल उर्फ चल्वे ने अपनी पत्नी पूजा की दो गोलियां मारकर हत्या कर दी। उसे फल विक्रेता मुन्ना से पत्नी के अवैध संबंध होने का शक था। हत्या के बाद उसने चौराहे पर पहुंचकर मुन्ना को भी गोली मार दी। गनीमत रही कि छर्रे लगने से मुन्ना मामूली घायल हुआ।
आरोपी को घंटेभर बाद उसकी बहन के घर से तमंचा समेत गिरफ्तार कर लिया गया, वहां उसने हवाई फायरिंग कर दी थी। जानलेवा हमले के मामले में चल्वे जेल में बंद था। हाल में ही वह जमानत पर छूटकर आया था।
लोधीनगर निवासी चल्वे और मोहल्ला नौगवां निवासी पूजा अलग-अलग बिरादरी के थे। दस साल पहले उन्होंने प्रेम विवाह किया था। कुछ साल से चल्वे को शराब की लत लग गई थी। वह अपराध भी करने लगा। सालभर से दोनों में तनातनी चल रही थी। शनिवार दोपहर भी दोनों के बीच किसी बात पर विवाद हुआ।
जिसने कराई जमानत उसी पत्नी की ले ली जान
उधर, जिस पूजा ने कृष्णपाल के प्यार में अपना परिवार और बिरादरी को ठुकराया, उसी पति ने उसकी ताबड़तोड़ दो गोलियां मारकर जान ले ली। हाल ही में पूजा ही उसकी जमानत कराकर लाई थी। पूजा की हत्या के बाद लोग कृष्णपाल के नशे में दरिंदा बनने को लेकर चर्चा कर रहे थे।



