अपनी योग्यता को संघ के कार्य में लगाएं स्वयंसेवक : जगद्गुरु राजराजेश्वराश्रम
रामपुर। शारदा पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य राजराजेश्वराश्रम ने कहा कि सभी स्वयंसेवकों को संगठित होकर कार्य करना चाहिए। सादगी और सदाचार अपनाकर काम को बेहतर करना चाहिए। इस दौरान उन्होंने कई महापुरुषों को याद करते हुए उनके जीवन का अनुसरण कर उनके त्याग और समर्पण से सीख लेने पर बल दिया। माधव सेवा समिति की ओर से राधा रोड स्थित राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के कार्यालय (माधव भवन) के नवीन भवन का शिलान्यास करने पहुंचे शंकराचार्य ने स्वयंसेवकों का मार्गदर्शन किया। कहा कि यदि संगठित होकर काम करेंगे तो संगठन भी मजबूत होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि अपनी सारी योग्यता को संघ के कार्य में लगाएं। डॉ. हेडगेवार, श्रीगुरु, दत्तोपंत ठेंगड़ी, प्रो. राजेंद्र सिंह को याद करते हुए उनके जीवन से सीख लेकर उनके त्याग को आत्मसात करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि संघ के पीछे न जाने कितने नाम-अनाम लोगों का त्याग और समर्पण है, जिसको महज याद कर लेने से ही एक नई ऊर्जा का संचार हो जाता है।
उन्होंने कहा कि संघ कार्यालय का रामपुर में स्थापित होना एक गौरव की बात है। इसकी मजबूती के लिए एकाग्रता और एकता की जरूरत है। इससे पूर्व उन्होंने राधा रोड स्थित संघ कार्यालय का शिलान्यास पूजन-अर्चन के साथ किया। कार्यक्रम में समिति के कोषाध्यक्ष पंकज मित्तल, संघ के वरिष्ठ प्रचारक मनीराम, विभाग संघ चालक ओमप्रकाश, विभाग प्रचारक वतन कुमार, जिला प्रचारक अजीत कुमार, जिला संघ चालक केशव गुप्ता, राजेंद्र, नगर संघ चालक भीम सिंह चौहान, जिला कार्यवाह पुनीत, सह जिला कार्यवाह रवि शर्मा, प्रांत व्यवस्था प्रमुख अजय सुगंध, सह व्यवस्था प्रमुख विनय, सांसद घनश्याम सिंह लोधी, नगर विधायक आकाश सक्सेना, भाजपा जिलाध्यक्ष हंसराज पप्पू, भारतभूषण गुप्ता, अनिल वशिष्ठ, डॉ. संजीव अग्रवाल, राकेश जुनेजा, राजीव मांगलिक, जगन्नाथ चावला, मोहनलाल सैनी, अभय गुप्ता, जगपाल यादव समेत तमाम लोग मौजूद रहे।
व्यापारी नेता के आवास पर भी पहुंचे शंकराचार्य
शारदा पीठाधीश्वर जगद्गुरू शंकराचार्य राजराजेश्वराश्रम व्यापारी नेता कपिल आर्य के आवास पर भी पहुंचे, जहां पर व्यापारी नेता के परिवार के सदस्यों ने स्वागत किया। इस दौरान परिवार के सदस्यों ने उनसे आशीर्वाद भी लिया। इस मौके पर कपिल आर्य के साथ ही उनके बेटे विभु आर्य समेत अन्य लोग मौजूद रहे।