Rampur News: डीएम के चौकों-छक्कों से छूटे चेन्नई के पसीने
रामपुर। मिनी आईपीएल सीजन-3 क्रिकेट टूर्नामेंट के सातवें दिन शुक्रवार को दो मुकाबले हुए। जिनमें पहले मैच में मुंबई नाइट्स ने चेन्नई स्टार्स को हराया। दूसरे मैच में बंगलूरू बुल्स ने राजस्थान वॉरियर्स को शिकस्त दी। शनिवार को कोलकाता किंग्स-राजस्थान वॉरियर्स और मुंबई नाइट्स-लखनऊ रॉयल्स के बीच मुकाबला होगा। सुबह 11 बजे शहीद-ए-आजम स्पोटर्स स्टेडियम में पहले मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते उतरी मुंबई की टीम ने 20 ओवर में 10 विकेट खोकर 192 रन बनाए। बल्लेबाज रामपुर के डीएम रविंद्र कुमार मांदड़ ने 72 रन बनाए। उन्होंने अपनी 41 गेंदों की पारी में 7 छक्के व 2 चौके लगाए। वहीं शाहनवाज राणा ने 30 गेंदों पर 52 रन बनाएं।
चेन्नई की ओर से गेंदबाज उमैर अहमद ने 4 ओवर के 44 रन खर्च किए और 3 विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए चेन्नई की टीम ने 20 ओवर में सात विकेट खोलकर 188 रन ही बना सकी। इस प्रकार मुंबई ने चेन्नई को चार रन से हरा दिया। चेन्नई की ओर से बल्लेबाज विपिन ने 55 गेंदों पर 85 रन बनाए। नयन ने 23 गेंदों में 42 रन बनाए। मुंबई की ओर से गेंदबाज अमित धामा ने 4 ओवर में 38 रन देकर चार विकेट हासिल किए। वहीं मन्नान ने चार ओवर में 27 रन देकर तीन विकेट लिए। मैन ऑफ द मैच अमित धामा और गेम चेंजर अवॉर्ड मन्नान को मिला।
दूसरा मैच राजस्थान-बंगलूरू के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान की टीम 104 रनों पर ऑलआउट हो गयी। जिसमें जांटी ने 24 रन बनाए। बंगलूरू के पवन यादव ने 3 ओवर में सात रन देकर तीन विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बंगलूरू की टीम ने 11.3 ओवर में 105 रन बना लिए। बल्लेबाज सचिन ने 31 रन बनाए। मैन ऑफ द मैच पवन यादव और गेम चेंजर अवार्ड सचिन को मिला। आयोजक मुफीद और नवेद ने सभी का आभार जताया। अंपायरिंग सतेंद्र व शमशाद ने की। स्कोरिंग अरबाज और शुएब ने की।