तनाव का मुख्य कारण असंतुलित जीवन शैली : डाॅ. हेमंत

एसएसएमवी में आयोजित कार्यशाला में बोलते डॉ. हेमंत यादव तथा प्रो. ललित सिंह
शाहजहांपुर। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की ओर से आयोजित ”क्षमता निर्माण कार्यक्रम” के तहत श्रीशंकर मुमुक्षु विद्यापीठ सीनियर सेकेंडरी स्कूल में ”तनाव प्रबंधन” विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें भागदौड़ भरी जिंदगी में तनाव जैसे गंभीर विषय पर विस्तार से चर्चा की गई और जिज्ञासाओं को शांत किया गया।
बरेली के डॉ. हेमंत यादव ने कहा कि तनाव का मुख्य कारण असंतुलित जीवन शैली है। हम काम के बोझ की वजह से नहीं, अपितु काम को ग्रहण करने के तरीके की वजह से थकान महसूस करते हैं। प्रो. ललित सिंह ने स्लाइड और गतिविधियों के माध्यम से शिक्षक-शिक्षिकाओं का मार्गदर्शन किया।
कार्यशाला में श्री शंकर मुमुक्षु विद्यापीठ, डॉ. जीएल कनौजिया पब्लिक स्कूल, लिटिल फ्लावर काॅन्वेंट, बीएस पब्लिक स्कूल, चंदी काॅन्वेंट आदि विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने प्रतिभाग किया। प्रधानाचार्या मेघना मेंदीरत्ता, शिक्षिका शोभित अग्रवाल, रश्मि सक्सेना, आजेश सक्सेना, धीरेंद्र गंगवार, आलोक, रविकांत आदि मौजूद रहे।