UP: पटरी से उतरी मालगाड़ी, ढाई घंटे रेल यातायात बाधित, राज्यरानी समेत छह ट्रेनों को रोका गया


ट्रैक से उतरी मालगाड़ी
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
सुल्तानपुर से आ रही पत्थरों से लदी मालगाड़ी के बीच के दो डिब्बे सोमवार शाम पटरी से उतर गए। इसके चलते अप लाइन पर राज्यरानी एक्सप्रेस समेत छह ट्रेनों को रोक दिया गया। ढाई घंटे के बाद रेल यातायात बहाल हो सका।
सोमवार शाम करीब पांच बजे लखनऊ की तरफ से रोजा की ओर आ रही मालगाड़ी को पांच नंबर लूप लाइन में जाने के लिए सिग्नल दिया था। प्वाइंट नंबर 202 के बीच मालगाड़ी के डिब्बे पटरी से उतर गए। चालक रोहित कुमार व सहायक प्रदीप कुमार ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर मालगाड़ी को रोक दिया। दो डिब्बे बेपटरी होने के बाद पॉवर केबिन को सूचना दी गई। इसके बाद रेल अफसरों में खलबली मच गई। कंट्रोल के आदेश पर अपलाइन पर रेल संचालन को रोक दिया गया। साथ ही डाउन लाइन पर कॉशन देकर गाड़ियों को गुजारा गया। इस बीच बरेली की ओर जा रही राज्यरानी एक्सप्रेस को पं. रामप्रसाद बिस्मिल स्टेशन, पंजाब मेल को कहेलिया, किसान एक्सप्रेस समेत करीब छह ट्रेनों को रोक दिया गया।

