UP: मेनका और वरुण गांधी पर राज्यमंत्री का निशाना, कहा- पीलीभीत में 38 साल से मां-बेटे ने नहीं कराया कोई काम

सांसद वरुण गांधी, राज्यमंत्री संजय गंगवार
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
पीलीभीत के विधायक व गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार ने बुधवार को अपने बयानों से जिले का राजनीतिक पारा बढ़ा दिया है। राज्यमंत्री ने सांसद मेनका गांधी और वरुण गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले 38 वर्षों से मां-बेटे हैं, लेकिन जिले में विकास का कोई काम नहीं हुआ। बेरोजगारों को रोजगार नहीं मिल सका। इसके अलावा उन्होंने इंडिया गठबंधन के बारे में कहा कि इस गठबंधन की गांठ हर रोज खुल रही है।
राज्यमंत्री संजय गंगवार गुलड़िया भिण्डारा (मझोला) में आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। मेनका गांधी और वरुण गांधी का नाम लिए बगैर उन्होंने कहा कि एक नेता यहां आते हैं और भाजपा सरकार के कार्यों पर सवाल उठाते हैं, जबकि यह नेता और इनकी माता पिछले 38 साल से इस जनपद में जनता के आशीर्वाद से अहम पद हासिल करते आए हैं। दोनों ने कोई ऐसा काम नहीं किया जिससे यहां के बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सके।