UP Nikay Chunav 2023 Live: दूसरे चरण में 38 जिलों में मतदान जारी, कई जगह ईवीएम खराब होने से मतदाता परेशान
08:54 AM, 11-May-2023
निकाय चुनाव के लिए मतदान जारी
बलिया जिले के दो नगरपालिका समेत 12 निकायों के लिए मतदान बृहस्पतिवार को सुबह 7:00 बजे से जारी है। कहीं कहीं कुछ विलंब से मतदान शुरू हुआ। मतदान केंद्रों पर कोविड प्रोटोकाल का ख्याल रखा गया। गर्मी को देखते हुए सुबह के वक्त लंबी कतारें देखी गई।
08:51 AM, 11-May-2023
मतदाताओं की लंबी कतार लगी
सोनभद्र की चुनार नगर पालिका के दरगाह शरीफ दक्षिणी बूथ संख्या 23 पर मतदान करने के लिए मतदाताओं की लंबी कतार लगी हुई है।
08:49 AM, 11-May-2023
एक घंटा बाधित रहा मतदान
शाहजहांपुर नगर निगम के बूथ नंबर 94, 95, 96, और 97 में सुबह ईवीएम खराब हो गई। इसके चलते एक घंटा मतदान बाधित रहा है। आठ बजे मतदान शुरू हो सका है।
08:43 AM, 11-May-2023
एक परिवार के लोगों के वोट अलग अलग वार्ड में, वोटिंग में परेशानी
मेरठ में वार्ड 72 के विकासपुरी कॉलोनी में एक ही परिवार के वोट अलग अलग वार्ड में कर दिए गए। परिवार में 6 सदस्यों में 2 के वोट 72 वार्ड में , जबकि अन्य सदस्यों के वोट वार्ड 56 में कर दिए गए। जिससे वोट डालने के लिए दूसरे वार्ड में जाना पड़ेगा। जबकि बूथ दूसरे मोहल्ले में है। अतिसंवेदनशील 50 मतदान केंद्रों पर सीसीटीवी से लगातार मॉनीटरिंग की जा रही है। इन केंद्रों पर न सिर्फ जिला प्रशासन बल्कि लखनऊ में बने कंट्रोल रूम से भी निगरानी हो रही है।
08:37 AM, 11-May-2023
औरैया जिले की सात निकायो में 207 मतदेय स्थलों पर मतदान जारी
औरैया जिले के सात निकाय क्षेत्र में सुबह सात बजे से जारी है। एक नगर पालिका और छह नगर पंचायतों में 80 अध्यक्ष पद के उम्मीदवार मैदान में है। इसके साथ ही 104 वार्ड के 526 सभासद के प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला शाम छह बजे के बाद मतपेटियों में कैद हो जाएगा। सातों नगरीय निकायों में 179550 मतदाता प्रत्याशियों के भाग्य का फैसलाकरने को लेकर उत्साहित हैं। औरैया नगर पालिका, दिबियापुर, फफूंद,अटसू, बाबरपुर-अजीतमल, बिधूना, अछल्दा नगर में दिलचस्प मुकाबला है। मतदाताओं के रुझान भी प्रत्याशी नहीं समझ पा रहे हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि सभी केंदों पर मतदान शुरू हो गया है कहीं पर अभी किसी भी तरह की समस्या नहीं है।
08:31 AM, 11-May-2023
एक वोट पड़ने के बाद ईवीएम खराब
बरेली के सुभाष नगर स्थित आर्या पुत्री इंटर कॉलेज में कक्ष संख्या दो में एक वोट पड़ने के बाद ईवीएम खराब हो गई। मशीन करीब आधे घंटे तक खराब रही। इससे मतदाता परेशान दिखे।
08:22 AM, 11-May-2023
बुजुर्ग को वोट डलवाने के लिए गोद में ले जाता एजेंट
Hathras News: हाथरस में मतदान में बुजुर्ग भी बढ़चढ़ कर भाग ले रहे हैं। परिजन और एजेंट बुजुर्गों को गाेद में, तो कहीं हाथ पकड़ कर बूथ तक ले जाते नजर आए। हाथरस में सासनी के जूनियर हाई स्कूल में बनाए पिंक बूथ पर मतदान के लिए एजेंट बुजुर्ग द्रोपा देवी को वोट डलवाने के लिए गोद में ले जाते दिखा।
08:21 AM, 11-May-2023
छिटपुट पहुंच रहे मतदाता
बस्ती जिले के एक नगर पालिका और नौ नगर पंचायत क्षेत्रों में सुबह 7:00 बजे से मतदान जारी है। मतदान केंद्रों पर इक्का-दुक्का लोग पहुंचने लगे हैं। केंद्र पर सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम है। पहचान पत्र और पर्ची देखने के बाद ही मतदाताओं को लाइन में भेजा जा रहा है। जिले में सुबह 7:00 बजे से नगर पालिका परिषद बस्ती के अलावा नगर पंचायत नगर बाजार कप्तानगंज बभनान गणेशपुर मुंडेरवा बनकटी नगर पंचायत में मतदान सात बजे से शुरू हो गया। शुरुआती दौर में कम संख्या में लोग पहुंचे, जिनका मतदाता पहचान पत्र और वोटर लिस्ट देखने के बाद मतदान केंद्र के अंदर प्रवेश दिया गया। वहीं मतदान प्रक्रिया सकुशल संपन्न कराने के लिए हर बूथ पर सुरक्षाकर्मी मुस्तैद नजर आए अधिकारी केंद्रों का भ्रमण करते दिखे।
08:12 AM, 11-May-2023
कासगंज में 294 बूथों पर मतदान हुआ शुरू
कासगंज में जिले की 10 निकायों में 294 बूथों पर मतदान शुरू हो गया है। इन बूथों में कोई भी बूथ सामान्य श्रेणी का नहीं है। बूथ तीन श्रेणियों में बांटे गए हैं। 151 बूथ संवेदनशील, 109 बूथ अतिसंवेदनशील व 34 बूथ अतिसंवेदनशील प्लस श्रेणी के है।
08:09 AM, 11-May-2023
भदोही में बूथों पर दिख रहा उत्साह
निकाय चुनाव को लेकर वोटिंग शुरू हो चुकी है। वोटिंग की शुरूआत में ही मतदाताओं का उत्साह देखा जा रहा है। बूथों पर बड़ी संख्या में महिला और पुरूष वोटरों की भीड़ जुटी हुई है। वहीं सुरक्षा की दृष्टि से भारी फोर्स भी तैनात हैं। जिले की दो नगर पालिका भदोही और गोपीगंज के अलावा ज्ञानपुर, सुरियावां, घोसिया, खमरिया और नई बाजार के अध्यक्ष व सभासद पदों के लिए सुबह सात बजे से वोटिंग शुरू हो गई। निकाय चुनाव में अध्यक्ष पद पर 79 और सभासद के 676 प्रत्याशियों का फैसला दो लाख 27 हजार 817 मतदाताओं के हाथों में हैं। जिले की 98 बूथों पर उत्साह के साथ वोटिंग शुरू हो चुकी है। पिंक बूथों के साथ ही आदर्श बूथों पर लोगों की भीड़ देखी जा रही है। युवाओं के साथ बुजुर्ग मतदाता भी लोकतंत्र के उत्सव में हिस्सा लेने को लालायित दिख रहे हैं। खासकर महिला मतदाताओं में अधिक उत्साह देखा जा रहा है। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस बल के साथ पीएसी जवान तैनात हैं। इसके अलावा सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेट भी चक्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते दिख रहे हैं।
07:55 AM, 11-May-2023
कानपुर में कई बूथों पर ईवीएम खराब
कानपुर के नवाबगंज खोरा मे ईवीएम खराब हो गई। इस वजह से मतदान अभी तक नहीं शुरू हो पाया। महापौर प्रत्याशी अर्चना निषाद ने भी मतदान नहीं किया है। इसके अलावा सरस्वती मॉडल स्कूल छोरा नवाबगंज के कक्ष संख्या एक बूथ संख्या 692 में ईवीएम खराब हो गई। इस वजह से मतदान शुरू नहीं हो सका।
07:52 AM, 11-May-2023
मतदान शुरू पहुंचने लगे मतदाता
सिद्धार्थनगर जिले के दो नगर पालिका और नो नगर पंचायत क्षेत्रों में सुबह 7:00 बजे से मतदान शुरू हो गया है। मतदान केंद्रों पर इक्का-दुक्का लोग पहुंचने लगे हैं। केंद्र पर सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम है। पहचान पत्र और पर्ची देखने के बाद ही मतदाताओं को लाइन में भेजा जा रहा है। जिले में सुबह 7:00 बजे से नगर पालिका परिषद सिद्धार्थनगर बांसी वहीं नगर पंचायत उसका बाजार, कपिलवस्तु, बढ़नी, बिस्कोहर, शोहरतगढ़, बढ़नीचाफा, भारतभारी,इटवा डुमरियागंज नगर पंचायत में मतदान शुरू हो गया। फिलहाल सुबह शुरुआती दौर में कम संख्या में लोग पहुंचे, जिनका मतदाता पहचान पत्र और वोटर लिस्ट देखने के बाद मतदान केंद्र के अंदर प्रवेश दिया गया। वहीं मतदान प्रक्रिया सकुशल संपन्न कराने के लिए हर बूथ पर सुरक्षाकर्मी मुस्तैद नजर आए आला अधिकारी केंद्रों का भ्रमण करके मतदान की स्थिति के बारे में जानकारी लेते दिखे।
07:42 AM, 11-May-2023
अलीगढ़ में बूथ पर ईवीएम खराब
अलीगढ़ के आगरा रोड स्थित महेश्वरी मांटेसरी बाल स्कूल में मशीन खराब होने का मामला सामने आया है। मशीन को बदला जा रहा है। इस दौरान पोलिंग बूथ के बाहर खड़े वोट डालने वाले लोग कतार में देखे गए।
07:42 AM, 11-May-2023
सिकंदराराऊ में दिव्यांग अमोल ने भी वोट डाला
हाथरस में दिव्यांगजनों में भी मतदान के प्रति उत्साह देखने को मिल रहा है। हाथरस में पिंक बूथ पर विकलांग मतदाता शिवराम सिंह को मतदान कर्मी ने वोट के लिए पहुंचाया। सिकंदराराऊ में दिव्यांग अमोल ने भी वोट डाला।
07:41 AM, 11-May-2023
निकाय चुनाव: मतदान के प्रति दिखने लगा उत्साह, सात बजे से पहले ही बूथों पर पहुंचे मतदाता
सोनभद्र जिले के दस निकायों में अध्यक्ष और सदस्य पदों के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान चल रहा है। सात बजे से पहले ही मतदाता बूथों पर पहुंच गए। कुल 307 बूथों पर मतदान हो रहा है। एक नगर पालिका और नौ नगर पंचायतों में अध्यक्ष के दस पदों पर 98 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। सदस्य के 144 पदों पर 914 प्रत्याशी मैदान में हैं। निष्पक्ष और सकुशल मतदान कराने के लिए 13 जोन और 31 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। रेणुकूट नगर पंचायत को सबसे संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। जिले से लगती मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड और छत्तीसगढ़ की सीमाओं पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। बड़े वाहनों का प्रवेश बन्द है। छोटे वाहन भी गहन तलाशी के बाद गुजर रहे हैं।



