UP Nikay Chunav: शाहजहांपुर में मतदान आज, पहली बार हो रहा महापौर का चुनाव; चुनें शहर की सरकार

नगर निगम शाहजहांपुर
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
शाहजहांपुर जिले में नगर निगम, तीन नगर पालिका और आठ नगर पंचायत के लिए 6,13,221 मतदाता 242 मतदान केंद्र के 654 मतदान स्थल पर अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। मतदाता अपने मतदान केंद्र पर सुबह सात से शाम छह बजे तक वोट डाल सकेंगे। जिले में मतदान शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
पहली बार शहर में महापौर का चुनाव हो रहा है। 60 वार्डों में पार्षद चुने जाएंगे। इससे पहले नगर पालिका में 44 वार्ड थे। तब से नगर निगम का क्षेत्र भी काफी बढ़ गया है। नगर पंचायत रोजा अब नगर निगम का हिस्सा बन चुकी है। यहां से भी पार्षद चुने जाएंगे। मतदान केंद्रों में भी मतदाताओं की सुविधा के लिए इंतजाम किए गए हैं। महिलाओं के लिए पिंक बूथ बनाए गए हैं। वहीं बुजुर्ग व दिव्यांग मतदाताओं के लिए व्हीलचेयर की व्यवस्था की गई है।
70 बूथों की होगी वीडियोग्राफी
नगर निकाय चुनाव के 70 बूथों की वीडियोग्राफी होने के साथ ही वेबकास्टिंग भी होगी। लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए प्रशासन बैनर-पोस्टर के माध्यम से अभियान चलाता रहा है। अभियान का कितना असर हुआ, यह बृहस्पतिवार को देखने को मिलेगा। 13 मई को ईवीएम और बैलट बॉक्स में बंद जनप्रतिनिधियों का भाग्य खुलेगा।

