Pilibhit News: महिला अस्पताल के वार्ड में एसी का कंप्रेशर फटा
– धमाके के साथ आग लगने से मची भगदड़, स्वास्थ्य कर्मियों ने आग पर पाया काबू
– वार्ड में भर्ती थे 16 मरीज, शॉर्ट सर्किट से हादसा होने की जताई जा रही आशंका
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। जिला महिला अस्पताल के वार्ड में बुधवार को अचानक एसी का कंप्रेशर फट गया। धमाके की आवाज सुनकर वार्ड में भर्ती महिलाएं घबरा गईं और वहां भगदड़ मच गई। स्वास्थ्य कर्मियों ने आपूर्ति बंद करके आग पर काबू पाया। शाॅर्ट सर्किट से कंप्रेशर फटने की बात कही जा रही है। घटना के वक्त वार्ड में 16 महिलाएं भर्ती थीं।
बुधवार दोपहर अस्पताल की ओपीडी में भीड़ थी। पोस्ट ऑपरेटिव (प्रसव पश्चात) वार्ड में 16 महिलाएं भर्ती थीं। उनके साथ नवजात शिशु भी थे। दोपहर करीब 12 बजे वार्ड में लगे एसी से अचानक धुंआ उठने लगा। कोई कुछ समझ पाता इससे पहले ही तेज धमाका हुआ और एसी के तार जलने लगे। तेज धमाका होते ही वार्ड में भगदड़ मच गई। मरीज बाहर भाग खड़े हुए। वार्ड में अंदर कंप्रेशर की गैस फैल गई।
तेज धमाके की आवाज सुनकर अस्पताल का स्टाफ वार्ड में पहुंचा। विद्युत आपूर्ति बंद कराकर अग्निशमन यंत्रों से तारों में लगी आग पर काबू पाया। इस दौरान काफी देर तक अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
वर्जन
हादसे में किसी को कोई चोट नहीं आई है। एसी काफी पुराना था, उसकी कई बार मरम्मत कराई गई थी। – डॉ. राजेश कुमार, प्रभारी सीएमएस



