UP: बरेली होकर पंतनगर रवाना होंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, एयरपोर्ट पर अभेद सुरक्षा, 600 जवान तैनात

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू
– फोटो : ट्विटर
विस्तार
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मंगलवार को करीब दस मिनट तक बरेली एयरपोर्ट पर मौजूद रहेंगी। सुरक्षा के मद्देनजर इलाका छावनी में तब्दील रहेगा। आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से दो सेफ हाउस बने हैं। एयरपोर्ट पर भी टीम मौजूद रहेगी।
जिला प्रशासन से प्राप्त जानकारी के मुताबिक मंगलवार को पंतनगर कृषि विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि रहेंगी। पंतनगर जाने के दौरान राष्ट्रपति का विमान बरेली एयरपोर्ट पहुंचेगा। करीब दस मिनट में चेंजओवर के बाद फिर पंतनगर रवाना होगा। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार सुबह दस बजे आईएएफ विमान से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू नई दिल्ली से रवाना होंगी।
ये भी पढ़ें– Bareilly: एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान ने 36 इंस्पेक्टरों के किए तबादले, चार को क्राइम ब्रांच में मिली तैनाती
सुबह 10.40 बजे विमान बरेली एयरपोर्ट पहुंचेगा। दस मिनट में चेंजओवर के बाद पंतनगर एयरपोर्ट रवाना होगा। शाम चार बजे राष्ट्रपति वापस बरेली एयरपोर्ट पहुंचकर दस मिनट बाद नई दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगी। प्रोटोकॉल के तहत छह सौ जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। इस दौरान पुलिस तैनात रहेगी।
एडीएसआईसी डॉ. अलका शर्मा के मुताबिक जिला अस्पताल और भोजीपुरा के निजी मेडिकल कॉलज में सेफ हाउस बना है। यहां दवा और इलाज की सभी व्यवस्थाएं और रक्त ग्रुप उपलब्ध है। स्वास्थ्य विभाग की एक टीम बरेली एअरपोर्ट पर भी तैनात रहेगी।



