UP: इस जिले में डेंगू के संक्रमण का टूट रहा रिकॉर्ड, मौतों का नहीं कोई हिसाब, अब तक 562 मरीज मिले

डेंगू वार्ड में भर्ती मरीज
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बरेली जिले में डेंगू बेकाबू हो रहा है। लोग जान गंवा रहे हैं, लेकिन स्वास्थ्य विभाग मानने को तैयार नहीं। न ही उनके पास इन मौतों का कोई हिसाब है, हर मौत के बाद ऑडिट करने की बात कहकर महकमा पल्ला झाड़ लेता है। विशेषज्ञों के मुताबिक अभी एक से डेढ़ माह तक मौसम मच्छरों के अनुकूल रहेगा।
बहेड़ी क्षेत्र के गांव पिंडारी अशोक निवासी छत्रपाल की पत्नी रीना की शनिवार रात मौत हो गई। गुड़वारा के रहने वाले चंद्रकांत ने भी शनिवार देर रात दम तोड़ दिया। दोनों की एनएस-1 जांच रिपोर्ट पॉजिटिव थी। आशंका है कि जल्द डेंगू की रफ्तार नहीं थमी तो जिले में डेंगू के मरीजों का नया रिकॉर्ड बन जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक साल 2014 में पहली बार जिले में डेंगू के 28 मरीज मिले थे। इसके बाद वर्ष 2021 में सर्वाधिक 595 केस मिले थे। इस साल जिस तेजी से डेंगू अपने पैर पसार रहा है, आशंका है कि इससे पुराने सभी रिकॉर्ड टूट जाएंगे।
ये भी पढ़ें– Congress vs SP: यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय बोले, अखिलेश ने तूतू-मैंमैं करने का खामियाजा देखा है; दी नसीहत
रविवार को 18 नए केस मिलने के बाद आंकड़ा 562 तक जा पहुंचा है। फिलहाल इसके थमने के आसार भी नहीं दिख रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की तैयारियां बेअसर रहने के बाद अब अफसर लोगों से स्वयं सक्रिय होकर मच्छरों से बचाव के लिए प्रयास की अपील कर रहे हैं।


