VIDEO : टेबल टेनिस में प्रयागराज का दबदबा, बरेली की टीम ने बैडमिंटन के फाइनल में बनाई जगह
बरेली के स्पोर्ट्स स्टेडियम में शुक्रवार को 67वीं स्टेट चैंपियनशिप में बैडमिंटन के सेमीफाइनल और टेबल टेनिस के फाइनल मुकाबले खेले गए। बैडमिंटन में सहारनपुर व लखनऊ की टीमों ने बेहतर प्रदर्शन किया। वहीं बरेली की टीम ने भी अंडर-19 बालक वर्ग में फाइनल में जगह बनाई। टेबल टेनिस में प्रयागराज की टीम का दबदबा रहा।
अंडर-14 बालक वर्ग में अयोध्या की टीम ने प्रयागराज को हराकर फाइनल मुकाबलों में जगह बनाई। दूसरा मुकाबले में सहारनपुर की टीम ने बरेली को हराया। अंडर-19 वर्ग में बरेली की टीम ने अयोध्या के खिलाड़ियों को मात दी। दूसरे मुकाबले में स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ को हराकर लखनऊ की टीम विजेता रही।
अंडर-14 बालिका वर्ग में झांसी को हराकर आगरा की टीम विजेता रही। सहारनपुर की टीम ने गोरखपुर के खिलाड़ियों को मात देकर फाइनल में जगह बनाई। अंडर-19 बालिका वर्ग में आगरा की टीम को मात देकर लखनऊ के खिलाड़ी विजेता रहे। गोरखपुर की टीम को हराकर मेरठ के खिलाड़ियों ने फाइनल में जगह बनाई।
टेबल टेनिस में प्रयागराज की टीम जीती
टेबल टेनिस प्रतियोगिता में शुक्रवार को फाइनल मुकाबले खेले गए। इसमें अंडर-14 बालक वर्ग में मुरादाबाद की टीम ने विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। प्रयागराज की टीम दूसरे और मेरठ की टीम तीसरे स्थान पर रही। अंडर-19 बालक वर्ग में प्रयागराज की टीम विजेता रही। दूसरे स्थान पर आगरा और तीसरे स्थान पर अयोध्या के खिलाड़ियों का दबदबा रहा।
बालिका वर्ग में अंडर-14 में प्रयागराज की टीम विजेता रही। कानपुर ने दूसरे और मेरठ की खिलाड़ियों ने तीसरे स्थान पर कब्जा जमाया। अंडर-19 बालिका वर्ग में भी प्रयागराज की टीम का दबदबा कायम रहा। अयोध्या की टीम दूसरे और मेरठ की टीम तीसरे स्थान पर रही।


