स्वतंत्रता दिवस पर के0सी0एम0टी0 में मेधावी हुये सम्मानित और रंगारंग कार्यक्रम सम्पन्न
राष्ट्रध्वज फहराकर देशभक्ति के रंग में रंगा के0सी0एम0टी0 परिसर, 6 गोल्ड मेडलिस्ट सहित 200 से अधिक मेधावी विद्यार्थी सम्मानित


खण्डेलवाल कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट साइंस एण्ड टेक्नोलॉजी के परिसर में देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गरिमामय एवं भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ संस्थान के अध्यक्ष श्री गिरधर गोपाल, प्रबन्ध निदेशक डॉ. विनय खण्डेलवाल, महानिदेशक डॉ. अमरेश कुमार तथा प्राचार्य डॉ. आर. के. सिंह सहित समस्त प्रवक्तागण एवं अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति में राष्ट्रध्वज फहराकर किया गया।इस अवसर पर संस्थान के लिए गौरव का क्षण रहा, जब 6 विश्वविद्यालय गोल्ड मेडलिस्ट विद्यार्थियों सहित 200 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को उनके अभिभावकों की गरिमामयी उपस्थिति में सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों की उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।स्वतंत्रता दिवस समारोह में विद्यार्थियों ने विविध सांस्कृतिक एवं देशभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं। विभिन्न संकायों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, समूहगान एवं लोकनृत्य प्रस्तुत कर पूरे परिसर को राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति के भाव से सराबोर कर दिया। प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों में उत्साह और गौरव की भावना का संचार किया।इस अवसर पर संस्थान के अध्यक्ष श्री गिरधर गोपाल ने कहा कि खण्डेलवाल कॉलेज ने बरेली नगर एवं आसपास के क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराकर शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि आज भारत वैश्विक स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित कर रहा है और विश्व समुदाय भारत को ज्ञान, संस्कृति, विज्ञान एवं शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाने वाले राष्ट्र के रूप में देख रहा है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।प्रबन्ध निदेशक डॉ. विनय खण्डेलवाल ने सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं संस्थान के समस्त सदस्यों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित करते हुए कहा कि देश की प्रगति में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम एवं राष्ट्रप्रेम के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।महानिदेशक डॉ. अमरेश कुमार ने कहा कि स्वतंत्रता का यह 80वाँ वर्ष हमें देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान का स्मरण कराता है। उन्होंने कहा कि आज के युवाओं को सही दिशा, सकारात्मक सोच और मजबूत संस्कारों की आवश्यकता है। युवा शक्ति ही विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की आधारशिला है।समारोह में संस्थान के समस्त प्रवक्तागण, कर्मचारी, विद्यार्थी, अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावी संचालन प्रवक्ता श्री मुकुल गुप्ता द्वारा किया गया।




