Rampur: यातायात माह में रोज हुए हादसे, 25 लोगों की जान गई, पुलिस की जागरूकता भी नहीं आई काम

रामपुर में जाम खुलवाता पुलिसकर्मी
– फोटो : संवाद
विस्तार
रामपुर में यातायात माह (नवंबर) में भी पुलिस की सतर्कता और जागरूकता काम नहीं आई। लोग सड़कों पर बिना हेलमेट दोपहिया वाहन दौड़ाते रहे। औसतन हर रोज एक हादसा हुआ, जिसकी वजह से यातायात माह यानी नवंबर में 25 लोगों की मौत हो गई। ज्यादातर हादसों की वजह ओवरस्पीड और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी रही।
यातायात नियमों का पालन कराने और उसके लिए लोगों को जागरूक करने के लिए यूपी पुलिस की ओर से नवंबर का महीना यातायात माह के रूप में मनाया जाता है। इस साल भी यातायात माह मनाया गया। जागरूकता के नाम पर पुलिस की ओर से तमाम कोशिशें की गईं, लेकिन इसके अच्छे परिणाम नहीं मिले।
लोग यातायात नियमों की अनदेखी कर सड़कों पर वाहन दौड़ाते रहे। इसके चलते इस माह भी औसतन हर रोज हादसे हुए। माह भर में कुल 30 हादसे हुए, जिसमें 25 लोगों की मौत हो गई, जबकि 17 लोग घायल हो गए। 30 हादसों में ज्यादातर हादसों की मुख्य वजह ओवरस्पीड रही।
ओवरस्पीड के चलते हादसे हुए। इसके अलावा अधिकतर लोगों की मौत की वजह दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट न लगाना रहा। अवैध कट से गाड़ी निकालना भी हादसों का कारण बना। इससे पहले अक्तूबर माह में 31 हादसों में 35 लोगों की मौत हुई थी।
नवंबर में हुए हादसे
हादसे- 42
मौतें- 24
घायल- 29
आई रेड एप लॉन्च किया गया
आई रेड एप के जरिये हो रही हादसों की निगरानीहादसों के आंकड़ों को जुटाकर उन हादसों को रोकने के लिए केंद्र सरकार की ओर से आई रेड एप लॉन्च किया गया है। इसके जरिये हर जिले की थाना पुलिस अपना डाटा ऑनलाइन कराती है। इसमें हादसों की संख्या के साथ ही हादसों की वजह भी लिखी जाती है।
डिस्टिक्ट रोल आउट मैनेजर मोहम्मद नाजिम ने बताया कि इस डाटाबेस के जरिसे यह जानने की कोशिश होती है कि हादसों की प्रमुख वजह क्या है। फिर इस पर केंद्र सरकार अपने एक्सपर्ट के जरिए सुझाव तैयार कराती है।
शहर से लेकर हाईवे तक बने अवैध कट
शहर से लेकर हाईवे पर बने अवैध कट भी हादसों का कारण बन रहे हैं। शहर में डिवाइडर के बीच कई स्थानों पर कट लगे हुए हैं,जिसकी वजह से लोग अपने वाहनों को जहां-तहां से मोड़ लेते हैं और इसी वजह से भी हादसे भी होते हैं।
ट्रैफिक नियमों का पालन कराने के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। पुलिस की ओर से लोगों को नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक किया जा रहा है। साथ ही कार्रवाई भी की जा रही है। यातायात पुुलिस को इस संबंध में कड़े निर्देश भी जारी किए गए हैं। लोग यातायात नियमों के प्रति जागरूक होकर दूसरों की जिंदगी बचाएं। – राजेश द्विवेदी, पुलिस अधीक्षक