रामपुर

निपुण टेस्ट : जिले में 32.98 फीसदी बच्चों को ए प्लस ग्रेड

Connect News 24

रामपुर। बेसिक और कस्तूरबा गांधी स्कूलों के छात्रों की शिक्षा का स्तर जांचने को कराए गए निपुण असेसमेंट टेस्ट का परिणाम जारी हो गया है। निपुण टेस्ट में रामपुर ने बढ़िया प्रदर्शन करते हुए मंडल में बिजनौर के बाद दूसरा स्थान पाया है। रामपुर के 32.98 फीसदी बच्चे ए प्लस ग्रेड की श्रेणी में उत्तीर्ण हुए हैं।

सितंबर में शासन ने निपुण टेस्ट कराया था। छात्रों ने ओएमआर शीट पर यह परीक्षा दी थी। मंगलवार को इसका रिजल्ट जारी हुआ। टेस्ट का परिणाम ए प्लस, ए, बी, सी, डी और ई श्रेणी में बांटा गया है। विभाग ने ए प्लस, ए व बी श्रेणी के बच्चों के स्तर को संतोषजनक माना है। जिले में कक्षा एक से तीन तक के 32.98 फीसदी बच्चे ए प्लस, 19.48 फीसदी ए व 26.75 फीसदी बी श्रेणी में रहे हैं, जबकि सी, डी और ई श्रेणी में 20.08 फीसदी बच्चे हैं।

सी, डी और ई श्रेणी में आए बच्चों की भाषा एवं गणित विषयों में सुधार को दैनिक व साप्ताहिक शिक्षण योजना बनाने का निर्देश दिया गया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजीव कुमार ने बताया कि निपुण टेस्ट का रिजल्ट आ गया है। जिन छात्रों का रिजल्ट खराब रहा है, उनके सुधार की कार्ययोजना बनाई जा रही है। अगली बार रिजल्ट को और बेहतर स्तर तक ले जाया जाएगा।

मंडल की स्थिति

जिला ए प्लस श्रेणी में बच्चे

बिजनौर 38.06

रामपुर 32.98

अमरोहा 32.13

मुरादाबाद 31.93

संभल 28.11

निपुण एसेसमेंट टेस्ट में बिजनौर और रामपुर के बच्चों ने बेहतर प्रदर्शन किया है। संभल, अमरोहा और मुरादाबाद में सुधार की जरूरत है। इसके लिए नए सिरे से कार्य योजना तैयार की जाएगी। जिससे आगामी परीक्षा में परिणाम को और बेहतर किया जा सके।

बुद्ध प्रिय सिंह, एडी बेसिक, मुरादाबाद।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button