Budaun News: बकाया भुगतान न होने पर किसान नाराज, गन्ना जलाकर किया विरोध

सिलहरी में गन्ना जलाकर विरोध प्रदर्शन करते भाकियू कार्यकर्ता।स्रोत-भाकियू
बदायूं। चीनी मिलें गन्ना मूल्य का भुगतान नहीं कर रहीं, इससे किसान परेशान हैं। सोमवार को भारतीय किसान यूनियन ने प्रतीकात्मक रूप से गन्ना जलाकर विरोध किया तथा शीघ्र गन्ना भुगतान न किए जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
जिले में यदु शुगर मिल के 52 केंद्र हैं जबकि राणा शुगर मिल के आठ, न्योली शुगर मिल के नौ, फरीदपुर शुगर मिल का एक तथा रजपुरा शुगर मिल के दो केंद्र लगाए गए हैं। जहां किसानों का गन्ना तौला जा रहा है। किसान सबसे ज्यादा यदु शुगर मिल प्रशासन से परेशान हैं, जिस पर पिछले सत्र का ही 15 करोड़ से ज्यादा बकाया है जबकि न्योली शुगर मिल का भी चार करोड़ से ज्यादा बकाया है।
इसके विरोध में सोमवार को ग्राम पंचायत गुरुपुरी विनायक और सिलहरी के गन्ना क्रय केंद्रों पर भारतीय किसान यूनियन (असली अराजनीतिक) के जिलाध्यक्ष केपीएस राठौर के नेतृत्व में भाकियू कार्यकर्ताओं और किसानों ने प्रतीकात्मक रूप से गन्ने में आग लगाकर सरकार व मिल के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि अगर गन्ना भुगतान जल्द न कराया गया तो पूरे जिले के किसान सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करेंगे। भाकियू ने चक्का जाम की चेतावनी भी दी। इस मौके पर दुर्विजय सिंह, गंगा सिंह, दिनेश सिंह, अशोक, पप्पू सिंह, जयपाल सिंह, प्रताप सिंह, वीरेंद्र सिंह, सतीश सिंह, हरीश सिंह आदि मौजूद रहे।
–
किसानों से की रही ज्यादा कटौती
शासनादेश के अनुसार 14 दिन में गन्ने का भुगतान किया जाना चाहिए, लेकिन जिले में ऐसा नहीं हो पा रहा है। इससे किसानों के सामने आर्थिक समस्याएं आ रही हैं। इसके साथ ही आमगांव लखनपुर, बेला आदि सेंटर पर समय पर उठान नहीं हो रहा है। वहीं जहां विभाग द्वारा जूना कटौती एक प्रतिशत प्रति क्विंटल निर्धारित की गई है, वहां सेंटर पर मौजूद स्टाफ चार प्रतिशत क्विंटल के हिसाब से जूना कटौती कर रहा है। इसका भी किसान कई जगहों पर विरोध कर रहे हैं।
–
भाहकियू ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
रेहड़िया। भारतीय हलधर किसान यूनियन (भाहकियू) के बिसौली तहसील अध्यक्ष सजल सिंह राणा के नेतृत्व में घुमंतू पशुओं समेत किसानों की कई समस्याओं के विरोध में एसडीएम कल्पना जायसवाल को ज्ञापन सौंपा गया। किसानों ने कहा कि छुट्टा पशुओं के कारण किसान परेशान हो रहे हैं। पशु उनकी फसलों को नष्ट कर रहे हैं लेकिन प्रशासन इस पर ध्यान नहीं दे रहा है। किसानों की अन्य समस्याओं पर भी ध्यान नहीं दिया जा रहा। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याएं न सुलझीं तो भाकियू उग्र आंदोलन करेगी। इस मौके पर राजा हुसैन, सखावत, निसार आलम खान, संतोष सिंह, तेजपाल सिंह, भानु सिंह, राहुल मौर्य, श्रीकांत मौर्य आदि उपस्थित रहे। संवाद
–
किसानों की समस्याओं को उठाया गया
बदायूं। भारतीय किसान यूनियन अराजनीतिक की बैठक मालवीय आवास पर हुई। इसमें किसानों की समस्याओं को उठाया गया। कहा कि यूरिया की जिले में लगातार ब्लैक हो रही है। मंडल अध्यक्ष सोहनपाल ने कहा कि किसानों के गन्ना मूल्य का भुगतान नहीं किया जा रहा है। इससे उन्हें काफी दिक्कत हो रही है। जिलाध्यक्ष संजीव पटेल ने कहा कि किसानों की गन्ने की पर्ची नहीं मिल पा रही है। इससे गन्ना डालने में किसानों को दिक्कत हो रही है। इस मौके पर सर्वेश सिंह, रवेंद्र पटेल, राम कुमार, पन्ना लाल आदि मौजूद रहे। संवाद

सिलहरी में गन्ना जलाकर विरोध प्रदर्शन करते भाकियू कार्यकर्ता।स्रोत-भाकियू