पीलीभीत

Pilibhit News: पिपरिया गांव में खेत और सड़क पर घूम रहा बाघ

Connect News 24

Tiger roaming in the fields and on the road in Pipariya village

पिपरिया संतोष गांव के निकट खेत में घूमता बाघ । स्रोत – वीडियो ग्रैब

कलीनगर। पिपरिया संतोष गांव के निकट डेरा जमाय बाघ की दहशत जारी है। सुरक्षा के दावों के बीच बाघ कभी खेत तो कभी माधोटांडा-खटीमा मार्ग पर चहलकदमी करता दिखा। बाघ सड़क पर घूमने के बावजूद वन विभाग के सक्षम अधिकारी मौके के नदारद रहे।

कलीनगर तहसील क्षेत्र के पिपरिया संतोष गांव की सीमा में शनिवार रात से बाघ की मौजूदगी बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि बाघ एक मवेशी को मारकर खाई में खींच ले गया है और वहीं डेरा जमाए हुए है। सोमवार को भी दिनभर बाघ की मौजूदगी बनी रही। सुबह खेतों में बाघ की चहलकदमी दिखाई दी।

इसके बाद कई बार माधोटांडा-खटीमा मुख्य मार्ग पर भी बाघ आया। खास बात यह रही कि बाघ को देखने के लिए वाहनों की कतारें लगती रहीं। इस दौरान कई लोग बाघ के करीब तक वाहनों को ले जाते हुए दिखे। बावजूद इसके वन विभाग के सक्षम अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे। रेंजर पियूष मोहन श्रीवास्तव ने बताया कि बाघ की निगरानी कराई जा रही है।

शहबाजपुर में तेंंदुए की दहशत से खेतों पर नहीं जा रहे किसान

– ग्रामीणों में वन विभाग को लेकर आक्रोश

संवाद न्यूज एजेंसी

बीसलपुर। गांव शहबाजपुर के खेतिहर क्षेत्र में तेंदुए की दहशत बरकरार है। सोमवार को चौथे दिन भी तेंदुआ दिखाई पड़ा। तेंदुआ देखे जाने से दहशतजदा ग्रामीणों ने खेतों पर जाना छोड़ दिया है।

ग्राम प्रधान मुकेश गुप्ता ने बताया कि उनके गांव के खेतिहर क्षेत्र में पिछले तीन दिन से लगातार तेंंदुआ देखा जा रहा है। सोमवार पूर्वाह्न लगभग 11 बजे ग्रामीणों ने गांव के ही टिल्लन महाराज के गन्ने के खेत में तेंदुआ देखा। तेंदुआ होने की जानकारी मिलते ही आसपास के खेतों में काम छोड़कर किसान घर लौट गए।

प्रधान ने उसी समय रेंज कार्यालय में तेंदुआ देखे जाने की सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह देकर चली आई। डिप्टी रेंजर अवनीश कुमार ने बताया कि लगातार निगरानी की जा रही है। ग्रामीणों को खेतों पर न जाने का सुझाव दिया गया है। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि वन विभाग किसी घटना का इंतजार कर रहा है। तेंदुए को पकड़ने के बजाय ग्रामीणाें को सलाह दी जा रही है कि वह सतर्क रहे खेतों पर न जाएं।

तेंदुए ने दस बकरियों पर किया हमला, छह की मौत

– संपूर्णानगर वन एवं वन्य जीव प्रभाग की टीम मौके पर पहुंची

संवाद न्यूज एजेंसी

पूरनपुर। जंगल किनारे खेतों में चर रहीं दस बकरियों पर तेंदुए ने हमला कर दिया। इनमें छह बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई। शोर मचाने पर चार घायल बकरियों को तेंदुआ छोड़कर गन्ने के खेत में घुस गया।

घटना हजारा थाना क्षेत्र के गांव कुठिया गुदिया की है। गांव निवासी प्रेमचंद्र, प्रदीप, रविंद्र की एक-एक, लालजी की चार, वेद प्रकाश की तीन बकरियों को उनके घरों की महिलाएं जंगल किनारे गन्ने के खेत के समीप चरा रही थीं। इस दौरान खेत से निकले तेंदुए ने बकरियों पर हमला कर दिया।

लखीमपुर के संपूर्णानगर के वन एवं वन्य जीव प्रभाग के रेंजर रूद्रप्रताप सिंह ने बताया कि तेंदुए के हमले से बकरियों की मौत की सूचना पर कर्मचारियों को मौके पर भेजा गया था। छह बकरियां मौके पर मृत, जबकि चार गंभीर घायल मिलीं। बकरियों के शवों को पोस्टमार्टम के बाद दफना दिया गया। घायल बकरियों का इलाज कराया जा रहा है।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button