Pilibhit News: आज से 29 दिसंबर तक होंगे खेल, रोस्टर जारी
पीलीभीत। जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग की ओर से कराई जाने वालीं ब्लॉक व जिला स्तरीय खुली ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिताओं का रोस्टर जारी हो गया है। जिसके मुताबिक, ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताएं आज से 27 दिसंबर तक होंगी। इसके बाद 28 व 29 दिसंबर को गांधी स्टेडियम में जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी।
विभाग से मिली सूचना के मुताबिक, पहली प्रतियोगिता बरखेड़ा के उच्च प्राथमिक विद्यालय खेल मैदान में 19 और 20 दिसंबर को होंगी। इसके बाद 20 व 21 को मरौरी के टाहपौटा व बीसलपुर के राजकीय डिग्री कॉलेज में होंगी। इसी तरह 22 व 23 में अमरिया के डीपीपी इंटर कॉलेज धनकुना व बिलसंडा के गांधी स्मारक में होंगी। 26 व 27 को ललौरीखेड़ा के चौधरी निहाल सिंह व पूरनपुर के अकाल एकेडमी में होंगी।
बरखेड़ा और पूरनपुर ब्लॉक की प्रतियोगिता बीओ पीआरडी अमित कुमार, मरौरी, अमरिया व ललौरीखेड़ा ब्लॉक की प्रतियोगिता बीओ पीआरडी अन्नपूर्णा मिश्रा व बीसलपुर व बिसलंडा की प्रतियोगिताएं बीओ पीआरडी छविराम सिंह की निगरानी में होंगी। जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी नरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि ब्लॉक स्तर पर शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को जिला स्तर पर खेलने का मौका मिलेगा। प्रतियोगिता में स्थान पाने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया जाएगा। सभी खिलाड़ियों से अपील है कि वह खेल मैदान में सुबह 10 बजे तक पहुंच जाए।