Budaun News: बुध बाजार… ठंड बढ़ी तो हर दुकान गुलजार

उझानी में कपड़ों की खरीदारी को बुध बाजार में जुटे ग्राहक। संवाद
गर्म कपड़ों की खरीदारी के लिए काफी संख्या में पहुंचे लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
उझानी। मंगलवार रात से तापमान में गिरावट के साथ ठिठुरन बढ़ी तो रामलीला मैदान पर लगने वाले साप्ताहिक बुध बाजार में भी ग्राहकों की भीड़ बढ़ गई। खासकर गर्म कपड़ों और घरेलू सामान खरीदने के लिए देहात क्षेत्र से भी काफी संख्या में लोग पहुंचे। बाजार की हर दुकान गुलजार रही।
रामलीला मैदान पर बुध बाजार करीब तीन साल से लग रहा है। बाजार में करीब दो सौ से अधिक अस्थायी दुकानें लगती हैं। बुधवार को बाजार में सुबह से ही खरीदारों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया जो शाम तक बना रहा।
दुकानदारों शमशाद और नईम ने बताया कि गर्म कपड़ों की बिक्री सबसे ज्यादा हुई है। फुल और हॉफ स्वेटर के अलावा स्वेट शर्ट और जैकेट खूब बिकीं। रजनी और हेमलता ने बताया कि बुधवार को उन्होंने काफी संख्या में गर्म कपड़ों की खरीदारी की। बता दें कि बाजार में घरेलू सामान, जूते और शृंगार का सामान भी बिकता है।
–
महिला का पर्स उड़ाया
बाजार में बुधवार दोपहर ग्राहकों की संख्या बढ़ी तो सकरीजंगल से गर्म कपड़े खरीदने पहुंचीं नाजमा का किसी पर्स उड़ा दिया। पर्स उसने थैले में रखा था। नाजमा ने ठेकेदार से भी शिकायत की लेकिन उचक्के का पता नहीं लग पाया।