Budaun News: जिला अस्पताल के शौचालय में वृद्ध का मिला शव
सोमवार को घर से दवा लेने निकले थे, वजीरगंज के हतरा गांव के हैं रहने वाले
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। वजीरगंज थाना क्षेत्र के हतरा गांव से तीन दिन पहले दवा लेने निकले बुजुर्ग शोहराब (65) का शव यहां बुधवार को जिला अस्पताल के शौचालय में मिला।
बुधवार सुबह करीब नौ बजे सफाईकर्मी शौचालय साफ करने पहुंचा तो उसने देखा कि वह अंदर से बंद है। काफी देर तक जब कोई अंदर से नहीं निकला तो उसने झांककर देखा तो अंदर एक व्यक्ति पड़ा दिखाई दिया।
सफाईकर्मी ने सीएमएस डॉ. कप्तान सिंह को फोन कर इस आशय की जानकारी दी , जिस पर उन्होंने कोतवाली पहुंचकर लिखित में सूचना दी। जानकारी होने पर कोतवाली इंस्पेक्टर बिजेन्द्र सिंह अस्पताल पहुंचे। उन्होंने एक कर्मचारी को छत के रास्ते शौचालय में उतारा गया। जिसने अंदर से दरवाजा खोला। बाद में वहां एक वृद्ध का शव मिला, जिसे बाहर निकाला गया। उसकी पहचान वहां मौजूद लोगों ने गांव हतरा निवासी शोहराब पुत्र छैला खां के रूप में की।
परिजनों ने बताया कि शोहराब सोमवार को दवा लेने के लिए बदायूं जाने की बात कहकर घर से निकले थे। जब देर रात तक घर नही पहुंचे तो परिवार के लोग उनकी तलाश करने लगे। मंगलवार को परिवार के लोग जिला अस्पताल भी गए लेकिन वहां उनके आने के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिली, इस पर वे लौट आए।
बुधवार को सुबह फिर अस्पताल में तलाश करने पहुंचे तो पता लगा कि अस्पताल के शौचालय से एक व्यक्ति का शव मिला है। यह सुनते ही वह शौचालय की ओर आए और शव की पहचान की।
तीन दिन कहां रहे शोहराब
जिला अस्पताल के शौचालय में मिली बुजुर्ग की लाश के बाद कई सवाल उठना शुरू हो गए हैं। सोमवार को घर से निकले शोहराब का अस्पताल में कोई रिकाॅर्ड नहीं मिला है। उनका नाम न तो इमरजेंसी के रजिस्टर में दर्ज है और न ही किसी वार्ड में उनके भर्ती होने की बात सामने आई है। अब सवाल यह है कि आखिर तीन दिन तक वह कहां रहे। पुलिस इस लाइन पर काम कर रही है।