अब गोली का जवाब गोले से देते हैं देश के सैनिक : मौर्य

बिल्सी में जनसभा को संबोधित करते केशव प्रसाद मौर्य। संवाद
बिल्सी। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कड़े और बड़े फैसले लेकर साबित कर दिया है कि भारत दुनिया का नेतृत्व करने की क्षमता रखता है। पहले की सरकार सेना को जवाबी कार्रवाई की छूट नहीं देती थी लेकिन आज हमारे सैनिक गोली का जवाब गोले से देते हैं।
शनिवार को नगर के अंबियापुर चौराहे पर बने अशोक चौक और पार्क का लोकार्पण करने आए डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने मुजरिया रोड पर स्थित मैदान पर जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के ये नौ वर्ष विकास के साथ गरीब, किसान, नौजवान और महिलाओं के जीवन में खुशहाली लाने के लिए समर्पित रहे हैं। केंद्र सरकार के कार्यों का जिक्र करते हुए उन्होंने कोरोना के टीके, अनुच्छेद 370 हटाए जाने और राम मंदिर निर्माण के साथ समान नागरिक संहिता का जिक्र किया।
डिप्टी सीएम ने कहा कि सरकारें गरीबों की बात तो करती रही हैं, लेकिन असल में गरीबों की चिंता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ही की है। प्रधानमंत्री गरीबों की समस्या को जानते हैं, इसीलिए उनके नेतृत्व में सरकार ने गरीबों की जरूरतों को पूरा किया। उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव में प्रदेश की 80 सीटों को भाजपा जीतेगी।
इससे पहले केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा, ब्रज क्षेत्र के अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य, विधायक हरीश शाक्य ने भी विचार रखे। संचालन आचार्य संजीव रूप और सुधीर श्रीवास्तव ने किया। सभा के बाद डिप्टी सीएम ने भाजपा नेता संजीव वार्ष्णेय के आवास पर भोजन किया। इस मौके पर सासंद डाॅ.संघमित्रा मौर्य, धर्मेंद्र कश्यप, जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता, विधायक महेश गुप्ता, राजीव कुमार सिंह, पूर्व मंत्री विमल कृष्ण अग्रवाल, पूर्व एमएलसी जितेंद्र यादव, डीसीबी चैयरमेन जितेंद्र सक्सेना, पालिकाध्यक्ष ज्ञानदेवी सागर, पूर्व अध्यक्ष ओमप्रकाश सागर, राहुल वार्ष्णेय, रजनीकांत अग्रवाल, उमेश आदि मौजूद रहे।
अखिलेश कभी भी मुख्यमंत्री नहीं बन सकेंगे
अब कभी भी अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री नहीं बन सकते। कहा कि सपा सरकार में लोग पार्टी का झंडा लगाकर गरीबों की जमीनों पर अपना कब्जा कर लेते थे। मगर अब ऐसा नहीं हो रहा है।
एक अप्रैल से किसानों के लिए बिजली मुफ्त
किसानों के लिए घोषणा करते हुए कहा कि एक अप्रैल 2024 से किसानों का निजी नलकूपों का कोई बिजली बिल नहीं आएगा। सरकार इसका भुगतान करेगी।
सबको साथ लेकर चल रही भाजपा
हमने मध्य प्रदेश में मोहन यादव को मुख्यमंत्री बनाकर यह संदेश दे दिया है कि भाजपा में किसी जाति धर्म को लेकर राजनीति नहीं की जाती है। यहां सबका साथ-सबका विकास बात को लेकर काम किया जाता है।
बिल्सी में रोडवेज नहीं, हवाई अड्डा भी बनवाएंगे
– भाजपा नेता संजीव के आवास से भोजन करने के बाद निकल रहे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को जनता से रोडवेज बस डिपो की समस्या से रूबरू कराते हुए अपनी बात को रखा तो उन्होंने जोश में आकर कह दिया कि बिल्सी में रोडवेज ही नहीं, यहां पर हवाई अड्डा भी बनवाएंगे। डिप्टी सीएम के इन शब्दों के बाद जनता में काफी आक्रोश दिखाई दिया।
कोट के खेड़े को बौद्ध धरोहर घोषित करने की मांग
बिल्सी। तहसील क्षेत्र के गांव कोट के निकट स्थित खेड़ा में पिछले दिनों गंगा एक्सप्रेसवे के निर्माण को गई मिट्टी खुदाई के दौरान भगवान बुद्ध की मूर्तियों के अवशेष मिलने के बाद उनके अनुयाइयों ने डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को मांगपत्र सौंपकर स्थान को बौद्ध धरोहर घोषित करने की मांग की है। मांग पत्र में यहां मिट्टी खनन और खुदाई भी बंद कराने की मांग की गई है। पत्र देने वालों में परमांनन्द शाक्य, ऊदल सिंह शाक्य, प्रसनजीत शाक्य, प्रमोद शाक्य, भीमसैन शाक्य, राहुल शाक्य आदि मौजूद रहे। संवाद
बटन दबाकर किया कई परियोजनाओं का लाकार्पण व शिलान्यास
बिल्सी। नगर में आए डिप्टी सीएम ने यहां 347.981 लाख रुपये की 16 विकास परियोजनाओं का लाेकार्पण व 185.726 लाख रुपये की 36 परियोजनाओं का शिलान्यास भी रिमोट का बटन दबाकर किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास व सबका विश्वास पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि यह सरकार अगड़ा, पिछड़ा व अनुसूचित वर्ग की त्रिवेणी है। विकसित भारत संकल्प यात्रा के चार स्तंभ है तो देश में चार जातियां हैं जिसमें देश का गरीब, देश का युवा, देश की महिला व किसान शामिल हैं।