Shahjahanpur News: सांड़ ने बुजुर्ग को पटका, इलाज के दौरान मौत

राम बहादुर का फाइल फोटो। स्रोत-परिजन
सेहरामऊ दक्षिणी। सड़क पर लड़ रहे साड़ों में से एक ने रामबहादुर (75) को उठाकर पटक दिया। जमीन पर गिरे रामबहादुर गंभीर रूप से घायल हो गए। शुक्रवार को 36 घंटे के बाद उपचार के बाद उनकी मौत हो गई।
कस्बे में रहने वाले रामबहादुर बुधवार रात करीब आठ बजे अपने घर के सामने खड़े थे तभी दो सांड़ आकर लड़ने लगे। उन्होंने भगाने का प्रयास किया तो एक सांड़ ने टक्कर मार दी। इससे रमबहादुर गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया था जहां उपचार के दौरान शुक्रवार सुबह उनकी मृत्यु हो गई। मृतक अपने पीछे पत्नी रामश्री, पुत्र राजवीर सिंह, शिववीर सिंह, हाकिम सिंह, गुड्डू सिंह, अजय सिंह को छोड़ गए हैं।
छुट्टा पशुओं के हमले से मौत
23 जनवरी 2023-जलालाबाद थाना क्षेत्र के गांव कुंडरा के मजरा नौगवां में आलू की फसल की रखवाली करते समय रानी (50) पर छुट्टा पशुओं ने हमला कर दिया। हमले में उसकी मौत हो गई थी।
12 जनवरी 2023 को नेशनल हाईवे पर लखीमपुर खीरी निवासी सर्वेश कुमार की कंटेनर से कुचलकर मौत हो गई। सांड़ों की लड़ाई के दौरान टक्कर लगने से वह कंटेनर के नीचे आ गया था।
12 मार्च 2023-निगोही के अरेली गांव निवासी आकाशपाल को दड़िया बाजार में सांड़ ने सींग मारकर घायल कर दिया। उसका साथी मनोज घायल हो गया। आकाश पाल की मौत हो गई।
16 सितंबर 2023 को खुदागंज थाना क्षेत्र के गांव सिमौरा निवासी किसान जयवीर (50) को पीछा करने के दौरान सांड़ ने उठाकर बहगुल नदी के पानी में फेंक दिया था। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई थी।
01 अक्तूबर 2023 को खुदागंज के खेड़ा नवादा निवासी दिव्यांग छोटे सिंह के ऊपर लड़ते समय सांड़ गिर गया। उसकी दबकर मौत हो गई।
30 नवंबर 2023 को रोजा के पींग गांव में छुटकाई की पत्नी करिश्मा 60 को सांड़ ने टक्कर मार दी। वह खूंटे पर गिरी। उनकी मौत हो गई।
12 दिसंबर 2023 को मदनापुर थाना के रजपुरा निवासी अर्जुन श्रीवास्तव (32) की बाइक मंगलवार की शाम सांड़ से टकराने से मौत हो गई।

