Pilibhit News: महिला से छेड़छाड़ के विरोध पर की गई थी किसान की हत्या
– चार हत्यारोपी गिरफ्तार, हजारा के बैल्हा गांव के ही हैं चारों युवक
– खेत पर आई हरदेव की महिला रिश्तेदार से कर रहे थे छेड़छाड़
संवाद न्यूज एजेंसी
पूरनपुर। हजारा थाना क्षेत्र के गांव भगवानपुर बैल्हा निवासी किसान हरदेव की हत्या छेड़छाड़ का विरोध करने पर चार लोगों ने की थी। पुलिस ने चारों हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त की गई लोहे की रॉड, बांका, सूजा बरामद कर लिया है। चारों हत्यारोपियों का शुक्रवार को जेल भेज दिया गया।
किसान हरदेव सिंह की पत्नी और तीनों पुत्र गांव में रहते है। जबकि वह काफी दिनों से खेत में झोंपड़ी डालकर रहता था। 15 मई की रात में हरदेव की झोंपड़ी में हत्या कर दी गई थी। 16 मई को सुबह खून से लथपथ उसका शव झोंपड़ी में मिला।
पुलिस ने अज्ञात हत्यारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। शुक्रवार को पुलिस ने घटना का खुलासा कर दिया। हजारा इंस्पेक्टर मनोज मिश्रा ने बताया कि हरदेव की एक रिश्तेदार महिला अक्सर उसके खेत पर आती-जाती थी। घटना की रात भी महिला हरदेव के खेत में उसके साथ थी। इस दौरान गांव निवासी मक्खन सिंह, जंगीर सिंह, कुलवंत उर्फ कालू और माधोटांडा निवासी जसविंदर सिंह नशे में धुत होकर उसके खेत में पहुंचे।
यहां चारों ने हरदेव सिंह की रिश्तेदार महिला से छेड़छाड़ शुरू कर दी। हरदेव सिंह ने इसका विरोध कर महिला को खेत से घर भेज दिया। विवाद के दौरान चारों ने हरदेव सिंह के ऊपर लोहे की रॉड, सूजा, बांके से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। इंस्पेक्टर ने बताया कि चारों को गांव टाटरगंज के समीप से गिरफ्तार कर लिया। हत्या में प्रयुक्त लोहे की राड, बांका, सूजा आदि बरामद कर लिया गया है। चारों आरोपियों का शुक्रवार को जेल भेज दिया गया।