Rampur News: वसीम रिजवी हुए कोर्ट में पेश मुकदमे की दी गई नकलें
रामपुर। शत्रु संपत्ति की जमीन को खुर्द बुर्द करने के मामले में थाना अजीमनगर में दर्ज मुकदमे में शनिवार को कोर्ट में सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान सुन्नी वक्फ बोर्ड के पूर्व चेयरमैन वसीम रिजवी उर्फ जितेंद्र नारायण त्यागी सहित पंद्रह आरोपियों को मुकदमे की नकल दी गईं। अब इस मामले की अगली सुनवाई 26 मई को होगी।
दस्तावेजों में हेराफेरी करके शत्रु संपत्ति की जमीन को जौहर यूनिवर्सिटी में शामिल करने के आरोप में 2019 में अजीमनगर थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था। जिसमें सपा नेता आजम खां डॉ.तजीन फात्मा,अब्दुल्ला आजम,मसूद गुड्डू,मोहम्मद फसीह जैदी,सय्यद हमान हुसैन जैदी,और वसीम रिजवी सहित 15 लोगों को आरोपी बनाया गया है। शनिवार को इस मुकदमे की सुनवाई एमपी एमएलए कोर्ट मजिस्ट्रेट ट्रायल में हुई। सुनवाई के दौरान वसीम रिजवी उर्फ जितेंद्र नारायण त्यागी कोर्ट में पेश हुए। कोर्ट ने सभी आरोपियों को उन पर लगाए गए आरोपों की नकलें दी गईं। अभियोजन अधिकारी अमरनाथ तिवारी ने बताया की इस मामले की अगली सुनवाई 26 मई को होगी।


