Rampur News: आठ घंटे बिजली सप्लाई रही गुल, पानी को भी तरसे लोग
रामपुर। रामपुर में मंगलवार रात को आंधी के साथ हल्की बूंदाबांदी से बिजली व्यवस्था चरमरा गई है। शहर में कई जगह तार टूटकर नीचे गिर गए । इससे रात 12 बजे से शाहबाद गेट,ज्वालानगर, पहाड़ी गेट,डूंगरपुर और घेर मियां आदि क्षेत्रों में कहीं आठ तो कहीं 12 घंटे बिजली सप्लाई गुल रही। ऐसे में लोगों को इंतजार के बाद आसपास के हैंडपंपों से पानी लेकर अपना काम चलाना पड़ा।
रात करीब 12 बजे के आसपास आंधी आने के बाद पूरे शहर की बिजली सप्लाई ठप हो गई। मोहल्ला शाहबाद गेट, नादर बाग, ज्वालानगर, पहाड़ी गेट, किला क्षेत्र में आठ घंटे तक बिजली सप्लाई बाधित रही। इसके बाद बिजली आ गई। जबकि डूंगरपुर, घेर मियां खां समेत कई इलाकों की बिजली 12 घंटे तक गुल रही। सुबह करीब चार बजे जब लोगों की आंख खुली तो पानी की आपूर्ति बाधित रही। ऐसे में सुबह जल्दी नौकरी पर जाने वाले कर्मचारियों को दिक्कत हुई। लोग पानी आने का इंतजार करते रहे। सभी मोहल्लों की बिजली करीब 12 बजे तक आ गई थी।

