Bareilly News: यूट्यूब पर कानूनी सलाह लेने पर वकील को ठगों ने चूना लगाया
बरेली। यूट्यूब के माध्यम से कानूनी सलाह लेने वाले एक वकील को ठगों ने 75 हजार रुपये का चूना लगा दिया। वकील ने किला थाने में धोखाधड़ी की रिपोर्ट कराई है।
बड़ा बाजार कूंचा सीताराम निवासी अनिल रस्तोगी (70 ) एडवोकेट हैं। अनिल रस्तोगी की बहू ने उनके खिलाफ बदायूं में मुकदमे दर्ज करा दिए हैं। इन मुकदमों में विधि विशेषज्ञ की राय लेने के लिए अनिल ने यूट्यूब पर सर्च किया। वहां अनिल को लीगल ईगल नाम से एक चैनल मिला। चैनल राहुल जेफ की ओर से संचालित किया जा रहा था। राहुल से बात करने के लिए अनिल से पांच सौ रुपये जमा करवाए गए। राहुल जेफ ने अनिल को अपना नंबर दिया और बताया कि वह जयपुर में वकालत करते हैं। राहुल ने बताया कि वह लोगों को कानून की शिक्षा देने के लिए कोर्स कराते हैं। राहुल ने 75 हजार रुपये जमा करके कोर्स ज्वाइन करने के लिए कहा।
राहुल ने कहा कि कोर्स ज्वाइन करने पर वह पांच केसों में राय देगा और सुप्रीम कोर्ट के निर्णय आदि देकर मशविरा देता रहूंगा। अनिल ने 75 हजार रुपये जमा कर दिए। इसके बाद राहुल ने एक दो बार बात की और उसके बाद कहा कि बिना अपाइंटमेंट के आप कॉल और मेसेज न करें। राहुल की कंपनी में काम करने वाली देविका सिंह ने अनिल रस्तोगी को धमकाया और राहुल के नंबर पर मेसेज न करने की हिदायत दी। इसके बाद राहुल जेफ ने अनिल के नंबरों को ब्लॉक कर दिया। अनिल रस्तोगी ने राहुल जेफ के चैनल के बारे में जानकारी की तो पता चला कि यह लोग ऐसे ही ठगी करते हैं और खुद को हाईकोर्ट का वकील बताकर लोगों को धमकाते हैं। अनिल रस्तोगी ने राहुल जेफ और देविका सिंह के खिलाफ किला थाने में मुकदमा कराया है।
000
ये बरतें सावधानी
यूट्यूब से जानकारी लेेते समय सावधानी बरतें।
किसी को आधारकार्ड या पैनकार्ड न भेजें।
किसी नए लिंक पर क्लिक न करें, आपकी निजी जानकारी ठगों को मिल सकती है।
किसी ऑफर या इनाम के झांसे में न आएं।
किसी को ओटीपी न बताएं, बैंक संबंधी डिटेल न दें।
वीडियो कॉल पर न्यूड वीडियो बनाकर ठगी के मामले बढ़े हैं, इनसे सावधान रहें।
रात में सोते वक्त मोबाइल पर इंटरनेट बंद करना भी ठगी से बचाता है।
फिजूल के एप डाउनलोड करने से बचें।
ठगी होते ही 1930 टोल फ्री नंबर पर कॉल करें।
ठगी का पता चलते ही तत्काल cybercrime.gov.in पर भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।



