Bareilly News: बिजली से चमकाया घर-कारोबार अब बिल नहीं भर रहे बकायेदार
बरेली। बिजली से अपना घर-कारोबार चमकाने के बाद भी तमाम उपभोक्ता लाखों के बिल का भुगतान नहीं कर रहे हैं। बिल वसूली के लिए तहसील प्रशासन की टीमें दर्ज पते पर पहुंचीं तो वहां कोई मिला ही नहीं। ऐसे 43 बड़े बकायेदारों को खोजने के लिए अब ज्वाॅइंट मजिस्ट्रेट और तहसीलदार ने बिजली निगम के अधिशासी अभियंता को पत्र भेजकर संयुक्त जांच कराकर रिपोर्ट देने को कहा है।
ज्वॉइंटर मजिस्ट्रेट एसडीएम सदर प्रत्युष पांडेय ने विद्युत नगरीय वितरण खंड चतुर्थ के अधिशासी अभियंता को पत्र भेजा है। बताया है कि वसूली के लिए 25 प्रमाणपत्र जिलाधिकारी द्वारा प्राप्त हुए थे। इसी तरह तहसीलदार राम नयन ने भेजे पत्र में 18 वसूली प्रमाणपत्र प्राप्त होने की बात कही है।
बताया है कि प्राप्त वसूली प्रमाणपत्र के लिए क्षेत्रीय संग्रह अमीन की टीम ने मांग पत्रों में दर्ज पते पर जांच के लिए पहुंची। पर उनका पता नहीं चल सका। लिहाजा, वसूली प्रभावित रही। इसलिए अब संयुक्त जांच करना जरूरी है। उन्होंने बकायेदारों की जांच कराकर रिपोर्ट जल्द उपलब्ध कराने को कहा है, ताकि नियमानुसार वसूली की कार्रवाई की जा सके।
इन इलाकों में लाखों की वसूली बकाया
चक महमूद के 24, नवाजा जोगियान का एक, एजाजनगर के दो, जगतपुर के दो, एजाज नगर गौटिया छह, पवन विहार के एक, लोधी टोला का एक, नई बस्ती का एक, सहसवानी टोला के दो समेत चार अन्य बिजली बकायेदार उपभोक्ता शामिल हैं। इनकी सूची भी संबंधित अधिकारी को भेजी गई है।



