Weather Update: ये गुलाबी मौसम जून में बदलेगा मिजाज, बरसाएगा आग, कमजोर करेगा मानसून

जून में बदलेगा मौसम का मिजाज
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
कई वर्षों बाद मई में गुलाबी मौसम का आनंद ले रहे लोगों को जून में भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग ने जून में धीमी गति से मानसून हावी होने और बारिश के सामान्य से कम होने की आशंका जताई है। इससे रुहेलखंड और तराई क्षेत्र में तपिश बरकरार रहेगी। फिलहाल सोमवार को हल्की बारिश की संभावना है, लेकिन मंगलवार से तापमान में तेजी से बढ़त का पूर्वानुमान है।
मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक, अभी जो पश्चिमी विक्षोभ हावी है, उसकी प्रक्रिया एक-दो दिन में कम हो जाएगी। इससे उच्च वायुदाब का क्षेत्र बनने से आसमान साफ रहेगा। मानसून हावी होगा, लेकिन उसे बारिश के लिए अनुकूल माहौल नहीं मिलेगा। लिहाजा, मानसून की बारिश कम होने से तपिश बनी रहेगी।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम विशेषज्ञ अतुल कुमार ने बताया कि अप्रैल के अंतिम दिनों में पश्चिमी विक्षोभ हावी हो गया था। इससे मई की शुरुआत में दस दिन बारिश और बादल मंडराए। 20 मई के बाद फिर पश्चिमी विक्षोभ घिरा और मौसम अनुकूल रहा। तापमान सामान्य से नौ डिग्री तक कम जा पहुंचा। 10 से 20 मई तक ही गर्मी रही।



