Rampur News: कारतूस कांड में आरोपियों के बयान दर्ज, अगली सुनवाई सात जून को
रामपुर। सूबे के चर्चित कारतूस कांड में सोमवार को अपर जिला जज (ईसी एक्ट) कोर्ट में सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान सभी 24 आरोपी कोर्ट में पेश हुए और उन्होंने अपने बयान दर्ज कराए। अब इस मामले की अगली सुनवाई सात जून को होगी।
10 अप्रैल 2010 को सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के राम-रहीम सेतु के पास से एसटीएफ की टीम ने सीआरपीएफ के दो हवलदार जिनमें विनोद और विनेश को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार करते हुए कारतूस कांड का खुनासा किया था। इस मामले में आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में नकदी और खोखा कारतूस बरामद हुआ था। गिरफ्तार किए गए पीएसी के रिटायर्ड दरोगा यशोदानंदन की डायरी के आधार पर मुरादाबाद पीटीसी के एक आर्मर नाती राम सैनी समेत बस्ती, गोंडा, बनारस समेत कई जिलों से पुलिस व पीएसी के आरमोरर को आरोपी बनाया गया था। पुलिस ने इस मामले की तफ्तीश के बाद चार्जशीट कोर्ट में दाखिल की। कोर्ट में इस मामले की सुनवाई चल रही है। सभी आरोपी इस वक्त जमानत पर चल रहे हैं। ट्रायल के दौरान पीएसी के एक रिटायर्ड दरोगा की मौत हो चुकी है। इस मामले में अभियोजन की गवाही पूरी हो चुकी है। सोमवार को इस मामले की सुनवई अपर जिला जज ईसी एक्ट विजय कुमार की कोर्ट में हुई। कारतूस कांड के सभी 24 आरोपी पेश हुए। बचाव पक्ष के अधिवक्ता देवेंद्र कुमार नंदा ने बताया कि सभी आरोपियों के धारा 313 सीआरपीसी के बयान कोर्ट में दर्ज हो चुके है और अब इस मामले की सुनवाई सात जून को होगी, जहां पर आरोपी अपने बचाव में साक्ष्य पेश करेंगे।