Bareilly News: विश्वविद्यालय का नैक टीम ने किया निरीक्षण, परखी व्यवस्था
बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय में आखिरकार छह साल बाद राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (नैक) मूल्यांकन का सिलसिला सोमवार से शुरू हो गया। पहले दिन टीम ने शैक्षिक गतिविधियों का निरीक्षण करने के साथ ही रोहिलखंड इंक्यूबेशन फाउंडेशन का भ्रमण किया।
नैक मूल्यांकन के लिए रुहेलखंड विश्वविद्यालय में माहभर से तैयारियों का दौर जारी था। रविवार देर रात तक नैक टीम मूल्यांकन के लिए विश्वविद्यालय पहुंची। सोमवार सुबह 11 बजे से टीम का निरीक्षण शुरू हुआ। सबसे पहले शैक्षणिक विभागों का निरीक्षण हुआ। टीम ने बीटेक, साइंस, इंजीनियरिंग, ह्यूमैनिटीज, प्लांट साइंस, एनिमल साइंस आदि विभाग पहुंचकर शैक्षिक स्थिति का आकलन किया। शाम चार बजे रोहिलखंड इंक्यूबेशन फाउंडेशन का निरीक्षण हुआ। निरीक्षण को लेकर विश्वविद्यालय के सभी विभागों के विभागाध्यक्ष, संकायाध्यक्ष, शिक्षक, कर्मचारी और अधिकारी अलर्ट रहे। कहीं कोई दिक्कत न हो, इसकी निगरानी भी होती रही।
वेस्ट मैनेजमेंट, वर्मी कंपोस्ट विधि का निरीक्षण
रुहेलखंड विश्वविद्यालय में वेस्ट मैनेजमेंट की व्यवस्थाओं का भी नैक टीम ने निरीक्षण किया। परिसर में साफ-सफाई और कचरा निस्तारण के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसी दौरान वर्मी कंपोस्ट विधि से खाद बनाने की प्रक्रिया और पौधरोपण का हाल जाना। स्मृति उपवन का भी भ्रमण किया। निरीक्षण के बाद टीम ने व्यवस्थाओं को सराहा है।
कल्चरल क्लब ने बताया बरेली का इतिहास
देर शाम नैक टीम को विश्वविद्यालय में आयोजित होने वाली सांस्कृतिक गतिविधियों से रूबरू कराया गया। क्लब के कलाकारों ने नृत्य नाटिका, गीत-संगीत, लोकगीत की शानदार प्रस्तुति दी। इसी दौरान लघु नाटिका के जरिये बरेली का इतिहास, नामकरण और विकास यात्रा का मंचन किया गया। इस दौरान कुलपति प्रो. केपी सिंह, कुलसचिव डॉ. राजीव कुमार, परीक्षा नियंत्रक संजीव कुमार, छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. पीबी सिंह, चीफ प्रॉक्टर प्रो. एके सिंह समेत डॉ. एसके गर्ग, डॉ. एसके पांडे, डॉ. अमित सिंह मौजूद रहे।



